पशु पालक बोले- पशु बाजार शिफ्ट हो और सड़क चौड़ी की जाए तो समस्याएं हो जाएंगी कम सागर. डेयरी विस्थापन को लेकर नगर निगम की सख्ती के बाद हफसिली में 7 डेयरियां शिफ्ट हो गईं हैं। 10 डेयरी संचालकों ने अपने निर्माण कार्य शुरू कर दिए हैं। मौके पर 35 डेयरी पहले से संचालित हो […]
पशु पालक बोले- पशु बाजार शिफ्ट हो और सड़क चौड़ी की जाए तो समस्याएं हो जाएंगी कम
सागर. डेयरी विस्थापन को लेकर नगर निगम की सख्ती के बाद हफसिली में 7 डेयरियां शिफ्ट हो गईं हैं। 10 डेयरी संचालकों ने अपने निर्माण कार्य शुरू कर दिए हैं। मौके पर 35 डेयरी पहले से संचालित हो रहीं हैं। वहीं नगर निगम अमला ने पानी की समस्या दूर करने पानी की टंकी के अलावा 2 और ट्यूबवेल कर दिए हैं। वहीं पशु पालकों ने कहा कि हफसिली डेयरी विस्थापन स्थल पर अब प्रमुख समस्या सड़क की है। खुरई रोड से डेयरी विस्थापन स्थल तक जाने के लिए मात्र 10 से 12 फीट चौड़ी रोड है, जिसे कम से कम 30 फीट चौड़ा किया जाए। पहाड़ों के बीच डेयरी विस्थापन स्थल पर चहल-पहल बढ़ाने पशु बाजार अतिशीघ्र शिफ्ट हो। यहां से एक और सड़क बने जो भोपाल रोड से जोड़ी जाए, तो डेयरी संचालकों की सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी।
बरियाघाट वार्ड में नगर निगम टीम ने पहुंचकर एक पशु पालक को शहर से बाहर पशु ले जाने के निर्देश दिए। जुर्माना व नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। रविशंकर वार्ड से डेयरी संचालक प्रवीण घोषी के मवेशियों को नगर निगम वाहन द्वारा हफसिली शिफ्ट कराया गया। वहीं संविधान चौक, धर्मश्री, मोतीनगर मार्ग से 7 सांड को पकड़कर शहर से बाहर भेजा गया।
पिछले 15 दिनों में नगर निगम टीम ने 22 से अधिक डेयरी संचालकों पर जुर्माना की कार्रवाई की। 12 लोगों पर एफआइआर कराई। 40 से अधिक डेयरी संचालकों के नल कनेक्शन काटे। अतिक्रमण हटाने व पीएम आवास की राशि वसूलने की चेतावनी दी। इसके पहले पशु पकड़कर गोशाला भेजे गए।
निगम की तमाम कार्रवाई झेलने के बाद भी डेयरी संचालक शहर छोड़ने राजी नहीं दिख रहे हैं। हालांकि निगम की सख्ती के बाद अब एक-एक करने हफसिली में डेयरियां पहुंचना शुरू हो गईं हैं। वहीं मधुकरशाह, शिवाजी वार्ड, गोपालगंज, शुक्रवारी, कृष्णगंज, तिलकगंज, शनिचरी, विठ्ठलनगर, सुभाषनगर, गुरु गोविंद सिंह, भगवानगंज, वल्लभनगर, शास्त्री वार्ड, संतकवरराम, चंद्रशेखर वार्ड, जवाहरगंज वार्ड, रामपुरा, रविशंकर वार्ड, मोहन नगर, केशवगंज, भगत सिंह वार्ड, नरयावली नाका वार्ड, राजीव नगर, संत कबीर वार्ड, विवेकानंद, लक्ष्मीपुरा, पुरव्याऊ, सूबेदार, बाघराज, पंतनगर, काकागंज, आंबेडकर वार्ड, तिली वार्ड में 123 से अधिक डेयरियां संचालित हो रहीं हैं।
35 डेयरियों में नल व बिजली कनेक्शन हो गए।
1 पानी की टंकी से सप्लाई शुरू हो गई।
2 नए ट्यूबवेल बुधवार रात किए गए।
10 नए डेयरी मालिकों ने शेड निर्माण शुरू कर दिया।
7 नई डेयरियां बीते 15 दिनों में हफसिली पहुंचीं।
-डेयरी विस्थापन स्थल पर अभी सबसे बड़ी जरूरत है कि खुरई रोड से जुड़ी सड़क के चौड़ीकरण की है। सड़क पूर्व से पीडब्ल्यूडी द्वारा स्वीकृत है। यहां से एक ओर रोड बम्हौरी रेंगुआ होते हुए भोपाल रोड तक मिल जाए तो सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। शहर का पशु बाजार भी शिफ्ट किया जाए। पानी की समस्या थी लेकिन अब व्यवस्था हो गई है।
- मुकेश पांडेय, अध्यक्ष पशु पालक संघ।
- पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं हैं। डेयरी विस्थापन स्थल पर जाने के लिए खुरई रोड से डेयरी विस्थापन स्थल तक सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा।
- राजकुमार खत्री, निगमायुक्त।