
दमोह. रेकॉर्ड में दमोह कृषि उपज मंडी ए ग्रेड है, लेकिन हकीकत में यहां इतनी अव्यवस्थाएं हैं कि लोग इसे डी ग्रेड भी नहीं मानते हैं। यहां किसान और व्यापारी तो असुरक्षित हैं ही, उनका अनाज भी सुरिक्षत नहीं है। सीसीटीवी सिर्फ दिखाने के लिए लगे हुए हैं, सुरक्षा गार्ड कहां होते हैं पता नहीं रहता, तो कर्मचारी डे्रस में नहीं होने के कारण पहचानना भी मुश्किल होता है। ऐसे में किसान, व्यापारी और कुछ हम्माल भी परेशान है। दूसरी बड़ी परेशानी मंडी परिसर में फैली बेजा गंदगी है। यहां सार्वजनिक शौचालय पर ताला पड़ा होने से किसान और अन्य खुले में ही शौच कर रहे हैं, जिससे बेजा गंदगी हो गई है। दूसरी तरफा शाम होते ही कृषि मंडी शराबियों का अड्डा बन जाती है। ऐसे में रात के समय चोरी और अपराध भी यहां बढ़ जाते हैं। ऐसा नहीं है कि इन अव्यवस्थाओं को लेकर किसान और व्यापारियों ने विरोध दर्ज नहीं कराया, इसी वर्ष तीन से चार प्रदर्शन, मंडी बंद तक के हो चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका है।
कृषि उपज मंडी में व्यापारियों और किसानों के साथ लगातार हो रही घटनाएं, चोरी की वारदातें आम हैं। इस वर्ष के ११ महीनों की बात करें तो १० से अधिक अनाज चोरी और २ प्रकरण किसानों व व्यापारी से मारपीट के सामने आ चुके हैं। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक प्रकरणों में किसानों व व्यापारियों द्वारा शिकायतें दर्ज नहीं की गई हैं। बीते महीनों में ही तीन फर्म की स्टाक से बोरियां चोरी की गई थीं। इसे लेकर अनाज व्यापारियों ने प्रदर्शन भी किया था। साथ ही आरोप लगाया था कि इसमें स्थानीय लोग और वहां काम करने वाले कुछ लोग शामिल होते हैं। जिनकी रिपोर्ट करने पर वह अपराध करने तत्पर होते हैं। साथ ही कोई विशेष कार्रवाई नहीं होने मंडी प्रशासन और पुलिस की निंदा भी की थी।
कृषि उपज मंडी को ई-मंडी किया जाना था, लेकिन पूरी तरह यह लागू नहीं हो सका है। किसानों को ई प्रवेश तो दिया जा रहा है, लेकिन मंडी के अंदर कोई खास व्यवस्थाएं नहीं दी जा रही है। मुख्यमंत्री किसान भोजन अच्छा नहीं मिल रहा है। इस जगह ठेकेदार द्वारा अन्य खाद्य सामग्री ही दुकान चलाई जा रही है। शेड पर अधिकांश समय व्यापारियों का कब्जा रहता है, ऐसे में किसानों को खुले आसमान के नीचे ढेरी लगाना पड़ती है। इसके अलावा अन्य अव्यवस्थाएं भी है। हर शेड पर व्यापारियों की बड़ी-बड़ी ढेरी देखने मिलती हैं। इन्हें हटाने के लिए मंडी प्रशासन द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया जाता है। ऐसे में किसान पार्किंग की जगहों पर खुले आसमान के नीचे अनाज की ढेरी लगाने मजबूर होते हैं।
मंगोलपुर के किसान शेर सिंह ने बताया कि कृषि उपज मंडी इतनी बड़ी हो गई है, लेकिन यहां लंबे समय से सार्वजनिक सुविधाघर पर ताला पड़ा हुआ है। ऐसे में यहां दिन भर बिताने वाले किसान को सबसे ज्यादा समस्या शौचालय की होती है। मंडी परिसर में जगह-जगह किसान खुले में लघुशंका तो कर ही रहे हैं, वहीं शौचालय के बंद होने के कारण इसके पास ही खुले में मजबूरन शौच करने भी जा रहे हैं। इससे पूरे परिसर में गंदगी भरी पड़ी हैं। यहां खड़ा होना भी मुश्किल है।
सुजान तलैया के किसान राघवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि किसानों को अनाज रखने तक की जगह नहीं है। व्यापारी शेड पर अपना अनाज रखे हुए हैं, ऐसे में मजबूरन किसान को खुले आसमान के नीचे ढेरी लगाना होती है। इससे बहुत परेशानी होती है।