
Bina news: एमपी के बीना रेलवे स्टेशन से 20 जुलाई की सुबह मां के पास सो रही आठ माह की मासूम बच्ची की चोरी के मामले का जीआरपी ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और ट्रेनों की निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को इटारसी रेलवे स्टेशन से बच्ची सहित पकड़ लिया। इसके बाद मासूम को माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी बीबीएस परिहार ने बताया कि घटना सामने आने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर स्टेशन के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में एक महिला बच्ची को गोद में लेकर स्टेशन से निकलती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पता चला कि आरोपी महिला बीना स्टेशन से हड़पसर एक्सप्रेस में सवार हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आगे के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें महिला नर्मदापुरम स्टेशन पर जीटी एक्सप्रेस में चढ़ती हुई दिखाई दी।
इसी सुराग के आधार पर टीम इटारसी पहुंची और आरोपी महिला को इटारसी रेलवे स्टेशन से बच्ची सहित पकड़ लिया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित मिली, जिसके बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, जिस महिला ने बच्ची को उठाया था वह बोल नहीं पाती है। पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने बच्ची को किस उद्देश्य से उठाया था तथा इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
संगीता, पति राजू नाथ (25), निवासी गोरेलालपुर वर्तमान में भोपाल के सुखी सेवनिया स्थित एक गोशाला में रह रही है। रविवार रात पति से विवाद होने के बाद वह अपनी आठ माह की बच्ची को साथ लेकर गोरेलालपुर जाने के लिए भोपाल से बीना रेलवे स्टेशन पहुंची थी।
देर रात ट्रेन नहीं मिलने पर वह प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ही रुक गई और बच्ची को अपने पास सुलाकर खुद भी सो गई। महिला के अनुसार वह रात करीब तीन बजे तक जागती रही, लेकिन इसके बाद उसकी आंख लग गई। सुबह करीब छह बजे जब उसकी नींद खुली तो बच्ची उसके पास नहीं थी। बच्ची के गायब होने से घबराई महिला ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने तत्काल जीआरपी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।