सागर

बाउंड्रीवॉल बनाई,पानी निकासी करना भूले, पार्क बना तालाब

झूलों और ओपन जिम की मशीनों के यहां भरा पानी, हो जाएंगी खराब, बच्चों की सुरक्षा को खतरा, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान, हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं पार्क में
2 min read
Jul 10, 2026
Boundary wall built but drainage forgotten; park turned into a pond.
पार्क में भरे पानी के बीच झूला झूलता हुआ बच्चा। फोटो-पत्रिका

बीना. नगर पालिका ने वीरसावरकर वार्ड स्थित पार्क की बाउंड्रीवॉल का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से पूरा पार्क तालाब में तब्दील हो गया है। पार्क परिसर में लगीं ओपन जिम की मशीनें और अन्य खेल सामग्री के यहां एक फीट से ज्यादा पानी बारिश का पानी भरा हुआ है।
नगर पालिका ने लाखों रुपए खर्च कर पार्क की बाउंड्रीवॉल पिछले दिनों ही तैयार की है। बाउंड्रीवॉल बनने से पार्क तो सुरक्षित हो गया है, लेकिन पानी निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं बनाई है, जिससे पार्क बारिश में तालाब जैसा दिखने लगा है। पार्क में पानी भरा होने के बाद भी बच्चे वहां खेलने पहुंच रहे हैं और पानी के बीच लगे झूलों पर झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा है। साथ ही जहरीले कीड़ों के काटने का डर बना रहता है। लगातार पानी में डूबे रहने से ओपन जिम की लोहे की मशीनों में जंग लगने और खेल सामग्री के खराब होने की आशंका है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में पानी निकासी के लिए नाली या अन्य स्थायी व्यवस्था न होने से यह हालात बन रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पार्क में पानी निकासी की व्यवस्था बनाई जाए, जिससे बच्चों और वहां जिम करने वालों के लिए परेशानी न हो।

पुरानी बाउंड्रीवॉल हो गई थी जर्जर
पार्क की पुरानी बाउंड्रीवॉल खराब होने पर तोडकऱ नई बाउंड्रीवॉल बनाई गई है और यदि इसी तरह पानी भरा, तो नई बाउंड्रीवॉल भी कमजोर हो जाएगी।

शहर के अन्य पार्कों की स्थिति भी खराब
शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पार्क को छोड़कर सभी पार्कों की स्थिति खराब हैं। कहीं खेल सामग्री टूटी पड़ी है, तो कहीं घास की कटाई नहीं हो रही है, जिससे बच्चे खेल नहीं पाते हैं। यदि नियमित पार्कों की देखभाल हो, तो व्यवस्थाएं दुरुस्त रहेंगी।

लगाए जाने हैं पेवर ब्लॉक
पार्क में पेवर ब्लॉक लगाए जाने हैं और ढाल बनाकर पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी। बारिश में पानी निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाएगी।
जयदीप शाक्यवार, उपयंत्री, नगर पालिका, बीना

Updated on:
10 Jul 2026 11:53 am
Published on:
10 Jul 2026 11:53 am