सागर

छतरपुर नगर निगम बनाने की तैयारी तेज, 20 गांवों की 1.07 लाख आबादी होगी शामिल

छतरपुर. वर्ष 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों से पहले नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में छतरपुर नगर पालिका ने शहर की सीमा…
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:47 PM IST
Chattarpur News

छतरपुर. वर्ष 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों से पहले नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में छतरपुर नगर पालिका ने शहर की सीमा से लगे 20 गांवों को शामिल कर छतरपुर को नगर निगम का दर्जा देने संबंधी प्रस्ताव पर एक बार फिर हलचल तेज कर दी है। नगर पालिका प्रशासन ने पहले से तैयार विस्तृत सर्वे और पूर्ण दस्तावेजों के आधार पर प्रस्ताव को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे शहर के विकास और नगर निगम गठन का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद बढ़ गई है।

3171.86 से बढकऱ 20628.19 हेक्टेयर हो जाएगा शहर का कुल क्षेत्रफल

प्रस्तावित योजना के मुताबिक, आसपास के 20 गांवों के विलय के बाद छतरपुर शहर के भौगोलिक दायरे, आबादी और शहरी सुविधाओं में बड़ा इजाफा होगा। प्रस्ताव में दर्ज प्रमुख आंकड़ों की स्थिति इस प्रकार है:

क्षेत्रफल में विस्तार: वर्तमान में छतरपुर नगर पालिका सीमा का कुल क्षेत्रफल 3171.86 हेक्टेयर है, जो 20 गांवों को शामिल करने के बाद बढकऱ 20628.19 हेक्टेयर हो जाएगा।

शहरी आबादी व मकान: मकान सूचीकरण के लिए तैनात सर्वे टीम ने नगर पालिका क्षेत्र के भीतर कुल 61 हजार मकान दर्ज किए हैं, जिनके आधार पर शहर की वर्तमान जनसंख्या 2 लाख 9 हजार आंकी गई है।

20 गांवों की आबादी:शहर की सीमा में जोड़े जा रहे 20 गांवों की कुल जनसंख्या 1.07 लाख बताई गई है।

संलग्न दस्तावेज: प्रस्ताव के साथ संबंधित गांवों की जनसंख्या, सर्वे नंबर, क्षेत्रफल, कोर ग्राम से दूरी, गूगल मैप, रंगीन नक्शा और पंचायत कर्मचारियों का विस्तृत विवरण भी शामिल किया गया है।

समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने के लिए विस्तृत सर्वे रिपोर्ट को बनाया आधार

नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव बीएस जामोद के निर्देश पर शहरीकरण के तहत मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 के अनुसार सीमा विस्तार का प्रस्ताव 31 अक्टूबर तक भेजा जाना तय किया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर तैयार यह प्रस्ताव कलेक्टर छतरपुर के माध्यम से कमिश्नर नगरीय प्रशासन विभाग को भेजा जा रहा है।

विभाग ने सभी निकायों को पूर्ण और स्पष्ट अभिलेखों के साथ जानकारी भेजने के निर्देश दिए थे। नगर पालिका छतरपुर द्वारा पूर्व में घर-घर जाकर कराए गए विस्तृत सर्वे में सभी आवश्यक दस्तावेज और आंकड़े पहले से ही प्रमाणिक रूप से संकलित हैं। इसी वजह से समय की बचत करते हुए और सभी तकनीकी बिंदुओं को ध्यान में रखकर उसी विस्तृत प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया है, ताकि शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी हो सके।

2023 की घोषणा को मूर्त रूप देने की दिशा में बड़ा कदम

छतरपुर को नगर निगम बनाने की घोषणा सर्वप्रथम जून 2023 में गौरव दिवस समारोह के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी छतरपुर को नगर निगम का दर्जा देने की घोषणा कर चुके हैं। वर्ष 2024 में प्रक्रिया शुरू होने के बाद जिला प्रशासन ने वर्ष 2025 में पहली बार प्रस्ताव भेजा था, जिसे संशोधित कर जनवरी 2026 में दोबारा प्रेषित किया गया। अब सीमा विस्तार की रिपोर्ट के साथ इस प्रस्ताव के फिर से गति पकडऩे से शहरवासियों में छतरपुर के जल्द नगर निगम बनने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

सीएमओ का पक्ष

नगर निगम के लिए पहले विस्तृत सर्वे कराया गया था और हर घर की गणना की गई थी। इतने कम अंतराल में तथ्यों में कोई विशेष बदलाव नहीं होता है और यह एक विस्तृत प्रस्ताव है, जिसमें सभी आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। इसी कारण से शासन की ओर से सीमा विस्तार के लिए मांगी गई रिपोर्ट में उसी प्रस्ताव को भेजने का फैसला लिया गया है। माधवी शर्मा, सीएमओ छतरपुर

Updated on:
27 Nov 2026, 4:47 PM IST
Published on: