सागर

सर्द हवाओं से 2 डिग्री कम हो गया दिन और रात का तापमान

शहर का अधिकतम पारा 24.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था, जबकि एक दिन पहले दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया था। वहीं न्यूनतम पारा 12.9 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
2 min read
Jan 03, 2026
Feature image

आसमान में छाए बादल और सर्द हवाओं के कारण पिछले 24 घंटे में दिन और रात का पारा 2 डिग्री लुढ़क गया है। वहीं मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बादल छटने के बाद अगले 2 से 4 दिनों में शहर के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। शुक्रवार को शहर का अधिकतम पारा 24.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था, जबकि एक दिन पहले दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया था। वहीं न्यूनतम पारा 12.9 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी एक दिन पहले 13.5 डिग्री था। मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेक छलोत्रे ने बताया कि आने वाले दिन में तापमान में गिरावट होगी। सुबह घन कोहरे छाने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि जनवरी माह का मौसम दिसंबर माह के समान ही होता है। आसमान सामान्यत: साफ एवं बादल रहित होता है। जनवरी में पहले हल्की से मध्यम वर्षा भी अंकित की गई थी। इस माह सागर में कुछ दिन शीतलहर भी चल सकती है। शीतलहर में न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5-6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो जाता है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद शीत लहर चलने की संभावना अधिक रहती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उसे कम हो जाता है।

जनवरी का यह है औसत तापमान

इस माह का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस होता है। इस माह की औसत वर्षा 13 मिमी है और वर्षा के दिनों की औसत संख्या 1 है। इस माह में सापेक्ष आर्द्रता 61 से 43 प्रतिशत तक होती है। सतही हवाएं सामान्यत: शांत होती हैं और 2- 3 औसत कोहरे वाले दिन होते हैं।

जनवरी में ऐसा रहा शहर का मौसम

1.7 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 जनवरी 1934 को दर्ज किया गया।
33.3 डिग्री सेल्सियस उच्चतम अधिकतम तापमान 26 जनवरी 2009 को दर्ज किया गया।
24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 84.1 मिमी 13 जनवरी 1887 को हुई।
180.6 मिमी सर्वाधिक मासिक वर्षा 1948 को दर्ज की गई।

Updated on:
03 Jan 2026 04:45 pm
Published on:
03 Jan 2026 04:45 pm