गणपति बप्पा मोरया…, मंगल मूर्ति मोरया…, के जयकारों के साथ शनिवार को गणेश उत्सव शुरू हो रहा है। गणेश उत्सव की तैयारियां शुक्रवार को पूरी हो गई। कई पंडालों में गाजे-बाजों के साथ गणेश प्रतिमाएं पहुंच गई हैं।
गणपति बप्पा मोरया…, मंगल मूर्ति मोरया…, के जयकारों के साथ शनिवार को गणेश उत्सव शुरू
सागर. गणपति बप्पा मोरया…, मंगल मूर्ति मोरया…, के जयकारों के साथ शनिवार को गणेश उत्सव शुरू हो रहा है। गणेश उत्सव की तैयारियां शुक्रवार को पूरी हो गई। कई पंडालों में गाजे-बाजों के साथ गणेश प्रतिमाएं पहुंच गई हैं। शनिवार को विधि-विधान के साथ स्थापना होगी। इसके साथ ही घरों में भी तैयारियां हो गई हैं और लोग पूजा के लिए अपने-अपने बप्पा घर लेकर आए। शुक्रवार को बाजार में दिनभर भीड़ नजर आई। बच्चों ने भी अपने पसंद के गणेश भगवान की मूर्ति पसंद की। शहर के तीनबत्ती, कटरा, सिविल लाइन, राहतगढ़ बस स्टैंड सहित विभिन्न इलाकों में सजी दुकानों पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिमाएं खरीदने के लिए पहुंचे।
बड़ा बाजार स्थित श्रीराम चौक में झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। समिति अध्यक्ष संजय मुखरैया ने बताया कि पंडाल को दक्षिण भारत के एक मंदिर के जैसा बनाया गया है। यहां भगवान रामलला की 6 फीट ऊंची मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की गई है। यह मुख्य प्रतिमा के साथ ही विशेष झांकी के रूप में स्थापित की होगी। यहां के गणेशोत्सव को 100 साल से अधिक हो चुके हैं।
पीपल वाली गली में विराजेंगे गणेश
पीपल वाली 4 फीट की गली में 14 फीट के गणेश भगवान की प्रतिमा विराजमान की जाती है। इस वर्ष यहां शेषनाग पर भगवान विष्णु के अवतार में गणेश भगवान की प्रतिमा विराजमान की जा रही है। पंडाल में मूर्ति आ गई हैं, शनिवार को शुभ मुहूर्त में प्रतिमा विराजमान की जाएगी। यहां पर गणेश उत्सव का 46 वां वर्ष है।
वरुण देव की झांकी के दर्शन
सदर मुहाल नंबर 3 में जबलपुर से लाई गई भगवान गणेशजी की प्रतिमा की स्थापना की जा रही है। करीब 9 फीट की मिट्टी की इस प्रतिमा में भगवान गणेशजी नागदेवता पर विराजमान होंगे। साथ में वरुण देव की झांकी भी होगी। यहां 21 साल पहले यहां सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत की गई थी।
8 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी
विजय टॉकीज चौराहा स्थित भगवान शिवशंकर के मंदिर में इस बार करीब 8 फीट ऊंची गणेशजी की प्रतिमा की स्थापना की जा रही है। अनिल दुबे ने बताया कि यहां करीब 70 साल से गणेशजी की प्रतिमा स्थापना की जा रही है। सिंहासन पर भगवान गणेशजी की सुंदर प्रतिमा विराजित की जाएगी।