सागर

लीज खत्म होने के बाद भी रेलवे की जमीन पर कब्जा कर संचालित हो रहीं थीं दुकानें, चला बुलडोजर

रेलवे ने सख्ती दिखाते हुए की कार्रवाई, आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस रही तैनात, लंबे समय से दिए जा रहे थे नोटिस

2 min read
Jul 03, 2024
रेलवे की जमीन पर किए गए निर्माण को गिराते हुए

बीना. रेलवे की जमीन पर व्यापार करने के लिए रेलवे ने कुछ दुकानदारों को लीज पर जमीन दी थी, लेकिन लीज खत्म होने के बाद भी लोगों ने दुकानों को खाली नहीं किया। जिसके बाद रेलवे ने मंगलवार को सख्ती से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान यहां स्थित शराब दुकान को भी तोड़ा। दुकानदार अधिकारियों से कुछ समय और देने की मांग करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने एक नहीं सुनी।

मंगलवार को रेलवे की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। जिसमें सागर गेट के पास रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर बनी दुकानों को तोड़ा गया। सुबह करीब आठ बजे एडीइएन अमित सरवैया, आरपीएफ डीआइ कमल सिंह, आइओडब्ल्यू अशोक ठाकुर, जीआरपी थानाप्रभारी बबीता कठेरिया, सिटी पुलिस से एसआई रामदीन सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां खुली शराब दुकान संचालक को तत्काल दुकान खाली करने के लिए कहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल को देखकर वह कुछ समझ पाते कि रेलवे ने रेलकर्मियों की मदद से ही शराब दुकान को खाली कराया। करीब तीन घंटे में दुकान खाली होते ही 90 साल पहले बने भवन को दस में मिनट में तोड़ दिया गया। दरअसल रेलवे ने भवन खाली करने के लिए कई बार नोटिस दिए थे। बताया जा रहा है कि वर्ष 2017 में इसकी लीज भी खत्म हो गई थी, लेकिन दुकान को खाली नहीं किया जा रहा था। पिछले दिनों आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण करने के लिए आए थे जिनके कहने पर भवन तोड़कर अतिक्रमण हटाया गया।

समय देने की मिन्नतें करते रहे दुकानदान, अधिकारियों ने एक नहीं सुनी
यहां पर कई अन्य दुकानदार भी रेलवे की जमीन पर खाने-पीने की दुकानें खोले हुए है। जब उनकी दुकानें तोडऩे का नंबर आया तो वह पहले तो नियम कानून बताते रहे, लेकिन जब अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी तो वह उनके सामने हाथ जोड़कर कुछ समय देने की मिन्नतें करते रहे। लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे अपनी जमीन को सुरक्षित कर रही है और इसके बाद यहां पर दीवार खड़ी की जाएगी। ताकि रेलवे के एरिया में लोगों का अनाधिकृत प्रवेश न हो सके। वहीं जिन लोगों की दुकानें तोड़ी गई वह अन्य लोगों के भी मकानों की जांच कराई जाए।

हुई तीखी बहस
दुकानें टूटती देख इनका संचालन करने वालों व रेलवे अधिकारियों की तीखी बहस भी हो गई। जिसके बाद आरपीएफ ने बीच-वचाब कर सभी को वहां से अलग किया।

शराब दुकान खोलने का संकट
जिस भवन में शराब दुकान संचालित हो रही थी, उसके अचानक टूट जाने के कारण दुकान संचालक के सामने नई जगह तलाशने का संकट खड़ा हो गया। इसका निराकरण करने के लिए आबकारी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने पंचनामा कार्रवाई की। अब नई जगह का चयन किया जाएगा।

Published on:
03 Jul 2024 12:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर