सागर. मार्च माह की शुरूआत होते ही अब लोगों को होली के त्योहार का इंतजार है। शहर में बड़ा बाजार स्थित मंदिरों में वृंदावन की तर्ज पर होली का महोत्सव मनाया जाएगा। यहां रंग, गुलाल, फूलों के साथ बरसाने की लठ्ठमार होली का आयोजन किया जाएगा।
बड़ा बाजार स्थित मंदिरों में वृंदावन की तर्ज पर फाग उत्सव का होता है आयोजन
सागर. मार्च माह की शुरूआत होते ही अब लोगों को होली के त्योहार का इंतजार है। शहर में बड़ा बाजार स्थित मंदिरों में वृंदावन की तर्ज पर होली का महोत्सव मनाया जाएगा। यहां रंग, गुलाल, फूलों के साथ बरसाने की लठ्ठमार होली का आयोजन किया जाएगा। कई मंदिरों में बसंत पंचमी से ही फाग उत्सव की शुरुआत हो गई है। भगवान को पंचमी से ही गुलाल लगना शुरू हो जाता है। मंदिरों में फाग की गीतों पर भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
2 क्विंटल फूलों से होगी होली
बड़ा बाजार स्थित देव बांके राघवजी मंदिर में एकादशी की पूर्व संध्या पर बरसाने की लातूर मार व लड्डू की होली 9 मार्च को खेली जाएगी। 2 क्विंटल के फूलों से होली होगी। फूलों से राघवजी सरकार भक्तों के साथ होली खेलेंगे। यहां होली उत्सव मनाने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। पुजारी निताई दास ने बताया कि रंगभरी एकादशी पर 10 मार्च पर भगवान को गुलाल चढ़ाई जाएगी। 14 मार्च को धुडेली पर भगवान को गुलाल चढ़ाई जाएगी। रंगपंचमी पर टेसू के फूलों के रंग से अबीर-गुलाल की होली खेली जाएगी। रंगपंचमी पर दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
शुरू हो गया फागोत्सव
बड़ा बाजार सत्यनारायण घाटी पर स्थित देव द्वारिकाधीश मंदिर में बसंत पंचमी से फागोत्सव शुरू हो गया है। मंदिर की उत्सव समिति के शिवम सोनी ने बताया कि 14 मार्च को दोपहर बजे से होली उत्सव मनाया जाएगा। ठाकुरजी सफेद पोशाक धारण कर भक्तों के साथ फूल एवं गुलाल की होली खेलेंगे। टेसू के फूलों से प्राकृतिक रंग बनाया जाएगा। द्वारिकाधीश सत्संग मंडली होली के पद गायन व फागें गाएगी। शिवम सोनी ने बताया कि बसंत पंचमी से एकादशी पर मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
लक्ष्मीनारायण भगवान का होगा विशेष श्रृंगार
कोतवाली रोड स्थित देव लक्ष्मी नारायण मंदिर में रंगभरी एकादशी से फागोत्सव शुरू हो जाएगा। एकादशी पर संध्या आरती के बाद महिला मंडल रामायण पाठ करेगा। धुडेली पर भगवान को गुलाल चढ़ाई जाएगी। रंगपंचमी तक मंदिर में विभिन्न उत्सव का आयोजन किया जाएगा।