MP News: मध्यप्रदेश की बीना तहसील से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक बेटा ही अपनी मां की जान का दुश्मन बन बैठा।
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले की बीना तहसील से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शहर के सुभाष वार्ड ग्वाल टोली में एक बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11 बजे राजू रैकवार (25) निवासी सुभाष वार्ड रिफाइनरी से ड्यूटी करके घर लौटा और अपनी मां गौराबाई (55) से विवाद करने लगा और मां के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे राजू के पिता प्रेम रैकवार मजदूरी करके घर लौटे, तो घर के गेट लगे थे और राजू अपनी मां से मारपीट कर रहा था।
जब पिता ने गेट खोलने के लिए कहा, तो उसने गेट खोलने से मना कर दिया और गौराबाई का सिर दीवार में मारने लगा। कई बार सिर दीवार में मारकर उसने ईंट से वार करके हत्या कर दी। इसके बाद उसने मां के कपड़े बदल दिए और गेट खोलकर सीधे घर से निकलकर मौके से भाग गया। पत्नी को लहूलुहान हालत में पति सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
अस्पताल से मेमो मिलने के बाद एसआइ निशांत भगत स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, जहां जमीन पर खून पड़ा था और महिला के कपड़े पास में पड़े थे। इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम रवाना करके आरोपी की तलाश शुरू की, जिसमें उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है, जिसे आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। रविवार को एसडीओपी अजय कुमार सनकत व थाना प्रभारी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।
महिला के तीन बेटों में से दो की मौत पहले हो चुकी थी, जिनमें एक ने फंदा लगाकर जान दी थी, तो दूसरे की जान ट्रेन की चपेट में आने से हो चुकी है और तीसरे बेटे ने हत्या कर दी।
प्रेम रैकवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने और घर में कोई सदस्य न होने के कारण सामाजिक संस्थान स्वास्थ्य सेवा संगठन ने अंतिम संस्कार कराया। अंतिम संस्कार इटावा मुक्तिधाम के इलेक्टिक शवदाह गृह में किया गया, जहां पुलिस की अनुमति मिलने में कुछ समय लगा।
बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। हत्या उसने क्यों की है, अभी इस संबंध में उससे पूछताछ जारी है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।