सागर

फिल्टर प्लांट पर सोलर संयंत्र लगाने की तैयारी, जिससे साल में होगी एक करोड़ रुपए की बचत

हर माह आता है 14 लाख रुपए बिल, शहर में सार्वजनिक भवनों में पर भी लगाए जाएंगे सोलर पैनल

less than 1 minute read
Jan 12, 2026
फाइल फोटो

बीना. नगर पालिका के फिल्टर प्लांट पर लाखों रुपए बिजली बिल हर माह जमा होता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। बिल की बचत करने के लिए नगर पालिका प्लांट पर सोलर संयंत्र लगाने की तैयारी की जा रही है। यदि इसकी स्वीकृति मिली, तो नगर पालिका को हर वर्ष करीब एक करोड़ की बचत होगी।
जानकारी के अनुसार 400 किलोवॉट का सोलर प्लांट लगाने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। डीपीआर तैयार होने के बाद स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी। अभी हर माह फिल्टर प्लांट का बिल करीब 14 लाख रुपए आता है और प्लांट लगने पर बिल की बचत होगी। सोलर प्लांट लगाने में करीब दो करोड़ तीस लाख रुपए की लागत आएगी। गौरतलब है कि इसके लिए नगर पालिका ने रिफाइनरी प्रबंधन से सीएसआर के तहत राशि मांगी थी, लेकिन अभी तक वहां से कोई जवाब नहीं आया है, जिससे अब नगरीय प्रशासन विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

इन स्थानों पर भी सोलर प्लांट लगाने की तैयारी
नगर पालिका फिल्टर प्लांट के साथ-साथ शहर के सामुदायिक भवन, शौचालय, कार्यालयों आदि जगहों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे यहां भी बिजली बिल की बचत हो सके।

स्ट्रीट लाइट का भी आता है लाखों रुपए बिल
शहर में लगी स्ट्रीट लाइट का बिल भी हर माह लाखों रुपए आता है। यदि इसे भी सोलर संयंत्र से जोड़ा जाए, तो नगर पालिका का हर माह बचत होगी। बिल पर खर्च होने वाली राशि अन्य विकास कार्यों पर खर्च की जा सकती है।

बनाई जा रही है डीपीआर
400 किलोवॉट का सोलर संयंत्र लगाने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। स्वीकृति मिलने पर इसका कार्य शुरू किया जाएगा। डीपीआर में शहर के सार्वजनिक स्थलों पर भी सोलर पैनल लगाना शामिल है।
राहुल कुमार कौरव, सीएमओ, बीना

Published on:
12 Jan 2026 11:53 am
Also Read
View All

अगली खबर