सागर

बीना के मनोरमा वार्ड की राशन दुकान के विक्रेता को हटाया, अब राशन के लिए भटक रहे हितग्राही, कैसे मनेगा त्योहार

सुबह से प्रताप वार्ड बीना में राशन दुकान पर गेहूं लेने पहुंचे हितग्राही, घंटों लगे रहे लाइन में, निराश वापस लौटे, सर्वर डाउन होने से नहीं चल पा रही पीओएस मशीन
2 min read
Aug 25, 2026
Ration shop vendor for Manorama Ward removed; beneficiaries now left wandering for rations how will the festival be celebrated
राशन न मिलने पर तहसीलदार से शिकायत करने पहुंचे हितग्राही। फोटो-पत्रिका

बीना. मनोरमा वार्ड राशन दुकान में अनियमितताएं होने पर विक्रेता को हटा दिया गया है और वहां के हितग्राहियों को जिन राशन दुकानों पर स्टॉक है, वहां से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। गेहूं का स्टॉक प्रताप वार्ड राशन दुकान पर होने से वहां हितग्राही सुबह से ही पहुंच गए थे और दोपहर तक भूखे, प्यासे भटकने के बाद भी उन्हें गेहूं नहीं मिल पाया। अधिकारी सर्वर डाउन होने के कारण समस्या आने की बात कह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मनोरमा वार्ड की में राशन दुकान संचालक सूरज यादव द्वारा राशन वितरण में अनियमितताएं बरतने पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने विक्रेता को पिछले दिनों हटा दिया है और कार्रवाई प्रस्तावित है। इसके बाद इस वार्ड के हितग्राहियों को स्टॉक के अनुसार अलग-अलग दुकानों से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रताप वार्ड स्थित राशन दुकान पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे से ही करीब पचास हितग्राही पहुंच गए थे और कतार में खड़े हो गए थे। इस दुकान से हितग्राहियों को गेहूं को मिलना था, लेकिन विक्रेता ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर दुकान बंद कर दी और हितग्राही खड़े रहे। राशन लेने पहुंचे छगनलाल रैकवार ने बताया कि पंद्रह दिन से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गेहूं नहीं मिला है। अंगूरी बाई ने बताया कि उनके वार्ड की दुकान पर अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन मिलता था और अब दूसरी दुकान पर गेहूं लेने भेजा गया है, तो यहां भी परेशान किया जा रहा है। हितग्राही मुन्नी ने बताया कि सुबह से भूखे, प्यासे सभी काम छोडकऱ कतार में खड़े हैं, लेकिन राशन नहीं मिल पाया है। महिलाओं ने बताया कि श्रावण सोमवार का व्रत रखे हुए थीं और दोपहर तक वह राशन के लिए भटकती रहीं।

तहसीलदार से की शिकायत


हितग्राही परेशान होकर दोपहर तहसील पहुंचे और तहसीलदार डॉ. अंबर पंथी से शिकायत की। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर समस्या हल करने के निर्देश दिए।

सर्वर डाउन होने से आई परेशानी


इस संबंध में विक्रेता से बात की गई थी और सर्वर डाउन हो जाने हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया है। जल्द से जल्द राशन वितरित कराया जाएगा।
रुपेन्द्र प्रताप सिंह, जेएसओ

Updated on:
25 Aug 2026 12:55 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:50 pm