जिले में खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास एक विज्ञापन पोल पर 22 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की घटना ने इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया है, जबकि परिजन ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मोतीनगर […]
जिले में खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास एक विज्ञापन पोल पर 22 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की घटना ने इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया है, जबकि परिजन ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मोतीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है साथ ही संदेहियों से भी पूछताछ कर रही है।
सोमवार देर रात करीब 10.15 बजे स्थानीय लोगों ने कृषि उपज मंडी के पास लगे लगभग 20 फीट ऊंचे विज्ञापन पोल पर शव लटकते देखा। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को पोल से नीचे उतारा और पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान गढ़ोली खुर्द निवासी हीरालाल पुत्र परमलाल अहिरवार 22 वर्ष के रूप में हुई।
मृतक के भाई संतोष अहिरवार ने पुलिस को बताया कि रात में चौराहे पर कुछ लोगों के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद हीरालाल घर लौटा। इसके बाद चार लोग घर आए और उसे साथ ले गए। इसके बाद में शव पोल पर लटका मिला। उन्होंने घटना को हत्या करार देते हुए जांच की मांग की।
परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने अली, शुभम, गोलू और विक्की से पूछताछ की। घटना के पहले का एक सीसीटीवी भी पुलिस को मिला है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि घटना के पहले मामूली विवाद हुआ था। संदेही गोलू अहिरवार ने बताया कि वह ट्रक चलाता है। रात 9.30 बजे दुकान पर पंक्चर बनवाने गया था। इसी दौरान शराब के नशे में हीरालाल दुकान पर आया। हाथ में खप्चा लिए था जिससे वह खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। मोहल्ले का होने के कारण उसे रोका तभी विवाद हो गया। इसके बाद वह घर चला गया था। यह पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद है।
मामले में मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट हुई। इसके बाद वह घर गया, रस्सी लेकर वापस आया और पोल पर चढ़कर फंदा लगाया। इस दौरान कुछ राहगीरों ने उसे रोकने की कोशिश भी की थी। मामला दर्ज कर सभी संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं। साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पीएम रिपोर्ट से मौत का सटीक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।