सीसीटीवी कंट्रोल रुम का किया गया उद्घाटन
बीना. शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखकर अपराधों को रोकने के लिए शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इसका कंट्रोल रुम तहसील के पीछे बनाया गया है। जिसका उद्घाटन सोमवार को विधायक महेश राय, आईजी सतीश सक्सेना द्वारा किया गया। इसके बाद नईबस्ती चौकी और भानगढ़ थाने के भवन का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने बीना को जिला बनाने की चर्चा करते हुए कहा कि बीना बड़ा शहर है और जिले के बराबर सुविधाएं मिलने का हक भी बीना का है। बीना के जिला बनने में देर जरुर लगेगी, लेकिन जिला बीना ही बनेगा। चुनाव के बाद बीना जिला बन जाएगा। कुछ राजनैतिक अड़चनों के कारण बीना को जिला बनने में देरी हो रही है। इस संबंध में जब सीएम से बात करते हैं तो उनका कहना होता हैकि पड़ोसियों से दोस्ती कर लो तो बीना जल्द ही जिला बन जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे का कुछ क्षेत्र कैमरा लगने से छूट गया है वहां भी जगह चिंहित कर कैमरें लगवाएं जाएंगे। यातायात पुलिस की कमी के चलते शहर के मुख्य, चौराहों, तिराहों पर यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है, जिससे यातायात पुलिस की कमी दूर की जाए। साथ ही बीना के थाने का नया भवन, पुलिस वालों के लिए कॉलोनी बनाने की चर्चा गृहमंत्री से की थी, जिसपर उन्होंने आईजी से प्रपोजल तैयार के लिए कहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की भी बात कही। आईजी ने कहा कि बीना का नाम पूरे देश में जाना जाता हैऔर बीना एक विकसित शहर है। विकसित शहर के लिए जो सुविधाएं मिलनी चाहिए वह मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगने से अब अपराधों पर रोक लगेगी और अपराध करने वालों को पकडऩे में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि बीना में एएसपी के पोस्ट स्वीकृत है और शीघ्र ही वह बीना में बैठें ऐसे प्रयास किए जाएंगे। एसडीएम डीपी द्विवेदी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालन शिक्षक केके जैन और आभार एसडीओपी रग्घुप्रसाद ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष नीतू अज्जू राय, जनपद अध्यक्ष सावित्री यादव, प्रदेश मंत्री ज्योति दुबे, रानू पांडे, सुरेन्द्र ठाकुर, सत्यजीत सिंह, डीआईजी आरके जैन, तहसीलदार कमलेश अग्रवाल, थाना प्रभारी कमल निगवाल आदि उपस्थित थे।
जिले के बाद बीना पहला शहर जहां सीसीटीवी कैमरे लगे
एसपी एसके शुक्ला ने बताया कि पुलिस आधुनिकीकरण के तहत सीसीटीएनएस की शुरुआत हुई थी। अब नए तरीके के अपराध होने लगे हैं, जिससे आधुनिक होना जरुरी है। इसी के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सागर 11 जिलों में सीसीटीवी कैमरों के लिए चयनित हुआ और इन जिलों के बाद यदि किसी शहर का नंबर आया है तो वह बीना है। जहां 22 लोकेशन पर 113 कैमरे लगाए गए हैं। जिसमें 51 फिक्स कैमरे और 36 वाहनों की नंबर प्लेट रीड करने वाले कैमरे हैं जो सागर में 10 और बीना में 36 हैं। सागर में दो मेगा फिक्सल कैमरे लगाए गए हैं तो बीना में 4 मेगा फिक्सल कैमरे लगे हैं, जिसकी अच्छी क्वालिटी है।
थाने, कॉलोनी का किया निरीक्षण
आईजी और एसपी ने बीना थाने और पुरानी पुलिस कॉलोनी का निरीक्षण किया। थाने में पदस्थ सभी पुलिसकर्मियों से चर्चा की। साथ ही जर्जर क्वार्टरों में पुलिसकर्मियों से न रहने ही बात कही। क्योंकि पुरानी पुलिस कॉलोनी में बने क्वार्टर जर्जर हो चुके हैंऔर हादसे का डर बना रहता है।
पत्थर पर नाम न होने पर नपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
सीसीटीवी कंट्रोल रुम के उद्घाटन के बाद वहां लगाए गए पत्थर पर विधायक के बाद अधिकारियों के नाम हैं। जिसपर नपाध्यक्ष नीतू अज्जू राय ने नाराजगी जताई और कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में सब कुछ निर्माण कार्य हुए हैं, इसके बाद भी उपेक्षा की जा रही है। पत्थर पर नाम न डालने की शिकायत वरिष्ठ पदाधिकारियों से की जाएगी। इस संबंध में एसडीओपी ने बताया कि पत्थर हाऊसिंग बोर्ड कार्पोरेशन से बनकर आया है और वहीं से नाम डले हैं। इस संबंध में वरिष्ठअधिकारियों से चर्चा करेंगे।