सहारनपुर

भाजपा सरकार के 100 दिन से ज्यादा नहीं बचे, अखिलेश यादव बोले- मस्जिद गिराने की कार्रवाई 12 घंटे में हुई, तो अब न्याय कैसे मिलेगा?

Uttar Pradesh News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सहारनपुर मस्जिद मामले में उन्होंने कार्रवाई की समयसीमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि 12 घंटे में कार्रवाई होगी तो न्याय कैसे मिलेगा।
2 min read
Sep 07, 2026
Akhilesh Yadav
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (photo- x @samajwadiparty)

Saharanpur Mosque Demolition: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर मस्जिद गिराए जाने का मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने औरैया के बिधूना में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर संविधान और कानून के मुताबिक काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए। सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने की कार्रवाई को लेकर अखिलेश ने कहा कि अगर महज 12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी और अदालत जाने का मौका नहीं मिलेगा, तो न्याय कैसे मिलेगा? साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के अब 100 दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं।

12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी तो न्याय कैसे मिलेगा

अखिलेश यादव ने कहा कि मस्जिद गिराने की इतनी जल्दी क्या थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई से लोग दुखी हैं और चुप हैं, लेकिन यही लोग मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को हटाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सौहार्द विरोधी है। मस्जिद गिराने कि 12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी तो न्याय कैसे मिलेगा। अखिलेश ने कहा कि सच्चा सनातनी, संत और हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। उन्होंने भारतीय परंपरा में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का जिक्र करते हुए भाजपा पर देश और प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया।

सड़क, भ्रष्टाचार और पुलिस पर हमला

सपा प्रमुख ने प्रदेश की सड़कों और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे टूट रहे हैं और सड़कों पर गड्ढे हैं। उनका आरोप था कि बजट की लूट हो रही है। अखिलेश ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस पर अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने डॉयल-100 व्यवस्था को भी बर्बाद कर दिया।

GDP के आंकड़ों पर भी सवाल

अखिलेश यादव ने सरकार की जीडीपी के आंकड़ों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने बेरोजगारी, महंगे डीजल-पेट्रोल, चीनी की बढ़ती कीमत और किसानों को खाद-बीज नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि जब जमीन पर ऐसी स्थिति है तो सरकार की बताई गई जीडीपी पर भरोसा कैसे किया जाए। भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर भी अखिलेश ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रभारी से जुड़े वीडियो का कारण लोगों को पता नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों के खातों में करोड़ों रुपये आने की खबरें सामने आ रही हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ घटनाएं हो रही हैं और कई जगह पुलिस भी अपराध में शामिल बताई जा रही है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 100 दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं।

स्कूल बंद करने का भी आरोप

अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार के अंतिम दिनों में भुगतान और कमीशन का खेल चल रहा है। उन्होंने भाजपा पर AI के जरिए विपक्ष के खिलाफ गंदगी फैलाने का भी आरोप लगाया और कहा कि सपा भी इसका जवाब देना जानती है। प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और पूर्ववर्ती सरकारों ने समाज की तरक्की के लिए शिक्षा को बढ़ावा दिया था, लेकिन भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है।

Updated on:
07 Sept 2026 08:23 am
Published on:
07 Sept 2026 08:22 am