सहारनपुर

‘बहन अब नहीं रही’, सुबह 6 बजे ताऊ को बताकर थाने पहुंचा आशीष, घेर में सोए थे बीमार माता-पिता

Saharanpur Sister Murder: हारनपुर के लाखनौर गांव में पंचायत सहायिका कोमल की हत्या के मामले में भाई आशीष गिरफ्तार। पुलिस गांव के युवक से बातचीत के विवाद, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।
2 min read
• •
Oct 17, 2026
Saharanpur Sister Murder

Saharanpur Murder:“कोमल अब नहीं रही…बहन के साथ कहासुनी हुई थी, गुस्से में उसका गला दबा दिया।” सहारनपुर के नागल क्षेत्र के लाखनौर गांव में पंचायत सहायिका कोमल की हत्या के मामले में आरोपी भाई आशीष ने अपने ताऊ सुरेंद्र को घटना की जानकारी देते हुए यह बात कही। इसके बाद थाने पहुंच गया। पुलिस ने ताऊ की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आशीष को गिरफ्तार कर लिया है।

ताऊ के सामने बताई हत्या की बात, फिर पहुंचा थाने

पुलिस के अनुसार, लाखनौर गांव में गुरुवार रात कोमल और उसका भाई आशीष घर पर मौजूद थे। उनके माता-पिता विजेंद्र सिंह और राजवती पशुओं की देखभाल के लिए घेर में सो रहे थे, जबकि छोटा भाई कमल किशोर काम के सिलसिले में घर से बाहर था। शुक्रवार सुबह कोमल का शव चारपाई पर मिला ।

बहन के गांव के युवक से बात करने पर था विरोध

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आशीष अपनी बहन को गांव के एक युवक से बात करने को लेकर बार-बार टोकता था। बताया गया है कि घटना से पहले भी उसने कोमल को उस युवक से बातचीत करते देखा था। हालांकि, दोनों के बीच घटना के समय किस बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद किस तरह बढ़ा, इसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

कोमल 27 वर्ष की थी और लाखनौर गांव में पंचायत सहायिका के पद पर काम कर रही थी। उसने बीएड की पढ़ाई की थी। परिवार में वह सबसे बड़ी संतान थी और पंचायत से जुड़े कामकाज संभाल रही थी। उसके पिता विजेंद्र सिंह और मां राजवती की तबीयत खराब रहती है। छोटा भाई कमल किशोर हलवाई का काम करता है।

मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर नागल थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ देवबंद अमित सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसएसपी अभिनंदन और एसपी ग्रामीण मयंक पाठक समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी ली।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कोमल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

परिवार में मातम, हत्या की वजह की जांच जारी

पंचायत सहायिका कोमल की हत्या के बाद लाखनौर गांव में शोक का माहौल है। पुलिस अब विवाद की वजह, घटनाक्रम और हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपी आशीष पुलिस की गिरफ्त में है। उसके ताऊ के सामने कथित स्वीकारोक्ति और थाने पहुंचने के घटनाक्रम के साथ पुलिस अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

सीओ देवबंद अमित सिंह के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को थाना नागल क्षेत्र के लाखनौर गांव में युवती कोमल की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर नागल थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। इसके बाद युवती के शव को नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच के दौरान घटना में युवती के सगे भाई की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में थाना नागल पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
17 Oct 2026 08:56 am
Published on:
17 Oct 2026 08:48 am