
सतना. मैहर देवी मंदिर परिसर से शनिवार की सुबह एक मैजिक ऑटो चोरी हो गया। जब पुलिस तक खबर पहुंची तो तलाश शुरू कर दी गई। मुखबिरों की मदद से पुलिस को संदेही का नाम पता चला जिसके बाद कुछ ही घंटों में चोरी का वाहन बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया गया है।
जानकारी मिली है कि वाहन मालिक विमल सिंह लोधी पुत्र कोदूराम लोधी निवासी उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका मैजिक ऑटो एमपी 19 टी 3695 चालक पवन कोल लेकर गया था। सुबह करीब 5 बजे पवन ने ऑटो को मध्यांचल बैंक के पास खड़ा किया और फिर घर चला गया। तीन घंटे बाद करीब 8 बजे जब पवन लौटा तो मौके से ऑटो गायब था। आस पास तलाश के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। चौकी प्रभारी एचएल मिश्रा ने पीएसआइ शुभम की मदद से जांच कार्रवाई शुरू कर दी। अपराध कायम करते हुए पुलिस के पास जब संदेही का नाम आया तो उसकी तलाश तेज कर दी गई। कुछ ही देर में संदेही पंकज चिकवा पुत्र दिनेश चिकवा (19) निवासी पुरानी बस्ती चिकान मोहल्ला मैहर पकड़ में आ गया। पूछताछ के बाद पंकज ने वेद विद्यालय के पीछे झाडि़यों में छिपाकर रखे चोरी के ऑटो को बरामद करा दिया।