
सतना। समय सीमा बैठक में सतना-बेला रोड रिपेयरिंग के सवाल पर एनएच पीडब्लूडी के ईई को झूठ बोलना महंगा पड़ गया। कलेक्टर ने भरी बैठक में उन्हें जमकर फटकार लगाई और शो-कॉज नोटिस भी जारी किया है। इसी तरह सतना-चित्रकूट रोड में कोठी बाईपास मार्ग की मरम्मत प्रारंभ नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य की भी क्लास ली। इस दौरान निगमायुक्त नागार्जुन बी गौड़ा, जिपं सीईओ सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने रोड निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सतना-बेला रोड निर्माण कार्य की जानकारी एनएच पीडब्लूडी के ईई से ली। जिस पर ईई ने बताया कि कार्य प्रारंभ हो गया है। इस पर कलेक्टर ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से पूछा कि कोई इस रोड से हाल में आया है। तब बिरसिंहपुर सीएमओ ने बताया कि आज ही इस रोड से आया हूं, कोई कार्य नहीं हो रहा है। यह सुनते ही कलेक्टर ने ईई को जमकर फटकार लगाई। कहा, एक तो काम नहीं कर रहे हैं ऊपर से झूठ बोल रहे हैं। हमेशा बहानेबाजी चल रही है इस मामले में। इसके साथ ही ईई को शो-कॉज नोटिस जारी किया। इसके बाद दीपावली मेले को लेकर सतना-चित्रकूट रोड की समीक्षा में कोठी बाईपास पर काम प्रारंभ नहीं होने पर एनएचएआई के अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की। स्पष्ट निर्देश दिए की दीपावली मेला के पहले संपूर्ण सड़क दुरुस्त हो जानी चाहिए। इसके लिए कोठी बायपास, मझगवां बायपास और घाट एरिया में कुल तीन टीमें अलग-अलग लगाएं।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लोनिवि की दो शिकायतें लंबित मिलने पर कलेक्टर ने ईई लोनिवि से कारण पूछा तो वे नहीं बता पाए। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पिछली समीक्षा बैठक में भी नहीं आए। आज भी कोई जानकारी नहीं है। करते क्या रहते हो ऑफिस में बैठकर। अपने विभाग की ही शिकायतों की जानकारी नहीं है। दफ्तर में बैठकर यही हिसाब लगाते रहते हो क्या कि किससे कितना आना है। आदत सुधार लो। इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में लंबित शिकायतों पर डिग्री कॉलेज सतना के प्राचार्य पर नाराज हुए। कहा कि शनिवार को आपको कहा गया था कि डिप्टी कलेक्टर के पास प्राइवेट कॉलेजों के प्रतिनिधियों को समक्ष में प्रस्तुत करें। लेकिन आपको कलेक्टर की बात नहीं सुनना।
कलेक्टर ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और आतिशबाजी पटाखा दुकानों के संबंध में तत्काल कार्यवाहियां शुरू करने के निर्देश दिए। कहा, नगर निगम क्षेत्र में नारायण तालाब के पास आतिशबाजी पटाखा की दुकान लगाई जाएगी। स्थल का निरीक्षण और आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करें। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट के पीछे और नारायण तालाब के पास दशहरा पर होने वाले रावण दहन के लिए भी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करें।
सीएम हेल्पलाइन समीक्षा में ऊर्जा विभाग के बररहना वितरण केंद्र में अधिक संख्या में शिकायतों के लंबित रहने पर संबंधित जेई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सहकारिता विभाग में निराकरण उचित नहीं होने पर संबंधित को नोटिस जारी करने कहा।