MP News: प्रसिद्ध संत स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज के निधन से यूपी-एमपी के सीमावर्ती इलाकों में शोक की लहर है।
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के बिरसिंहपुर परमहंस आश्रम धारकुंडी आध्यात्मिक शांति के केंद्र परमहंस आश्रम धारकुंडी के अधिष्ठाता अनंत श्रीभूषित स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज का पार्थिव शरीर आज आश्रम परिसर पहुँचा। अपने आराध्य गुरुदेव के अंतिम दर्शनों के लिए आश्रम में हजारों भक्तों का तांता लग गया, जहाँ श्रद्धालु नम आंखों से अपने गुरु महाराज को विदाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरु महाराज की पार्थिव देह को शास्त्रोक्त विधि से भू-समाधि दिए जाने से पूर्व भक्तों के दर्शनार्थ रखा गया है, ताकि देश-प्रदेश से आए अनुयायी उनके अंतिम दर्शन कर सकें वहीं महाराज श्री को श्रद्धांजलि देने प्रदेश के मुख्यमंत्री भी धारकुंडी पहुंच रहे हैं।
स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के ब्रह्मलीन होने से चित्रकूट सहित मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु धारकुंडी आश्रम पहुंचने लगे हैं। शनिवार रात तक हजारों अनुयायी अंतिम दर्शन के लिए आश्रम पहुंच चुके थे, जबकि दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।
धारकुंडी आश्रम में कुछ समय पहले ही परमहंस स्वामी महराज के निर्देश पर आश्रम परिसर में ही समाधि स्थल का निर्माण शुरु करवाया गया था। विशाल मंदिर का निर्माण अभी भी चल रहा है, जिसके गर्भगृह में ही परमहंस स्वामी को समाधी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव परमहंस सच्चिदानंद के निधन पर शोक जताया है। कहा, धारकुंडी आश्रम के संस्थापक परमहंस सच्चिदानंद महाराज के परलोक गमन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, साधना और मानवता के कल्याण को समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल अनुयायियों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। सांसद गणेश सिंह ने धारकुंडी महाराज एक ऐसे महान संत थे कि एक बार जो भी उनसे मिला सदा के लिए उन्हीं का हो गया। क्षेत्र में जहां उन्होंने तप किया था धारकुंडी आश्रम आज वह तीर्थ स्थल बन गया है। सांसद ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया