
सतना. पुलिस परेड ग्राउंड में शुक्रवार की सुबह जिला पुलिस बल की परेड जांचने के बाद एसपी रियाज इकबाल ने बलवा के दौरान पत्थरबाजी से बचने के तरीके बताए। इस दौरान एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी, डीएसपी यातायात हिमाली सोनी, परिवीक्षाधीन डीएसपी आशुतोष पटेल, ख्याति मिश्रा समेत कई थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों एवं पुलिस वाहन चालकों को बलवा के दौरान आत्मरक्षा एवं इस परिस्थिति में खुद के साथ आमजन का बचाव कैसे करना है इसके बारे में बताया गया। समझाइश देने के साथ बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को सीख दी गई कि वह कैसे इन हालातों में डटकर सामना कर सकते हैं। परेड में मौजूद टीआइ थाना जैतवारा हरीश दुबे, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली संतोष तिवारी, थाना प्रभारी थाना सिविल लाइन अर्चना द्विवेदी, आजाक थाना प्रभारी सरला मिश्रा, थाना प्रभारी कोटर गोपाल चौबे, थाना प्रभारी सिंहपुर सुधांशु तिवारी समेत उनके साथ आए पलिस बल को भी परेड और बलवा में पथराव से बचने की जानकारी दी गई।