
नई दिल्ली। चांद (Moon) को अपनी मुट्ठी में करने का ख्वाब हर कोई संजोता है, लेकिन सबका ये सपना साकार नहीं होता। मगर 19 करोड़ रुपए खर्च करके ये मौका हासिल किया जा सकता है। दरअसल लंदन में चांद के एक टुकड़े को दो मिलियन पाउंड (करीब 19 करोड़ रुपए) में नीलाम (Auction) किया जा रहा है। इसका वजन 13.5 किलो है। नीलामी लंदन के क्रिस्टी घर में हो रही है।
बताया जा रहा है कि चंद्रमा की चट्टान की टक्कर धूमकेतु के साथ हुई। जिसके चलते चंद्रमा का अंश टूटकर गिर गया। जो सहारा के रेगिस्तान में पाया गया। वैज्ञानिकों ने इसे एनडब्ल्यूए 12691 नाम दिया है। इसे पृथ्वी पर पाए जाने वाला चंद्रमा के पांचवां सबसे बड़े टुकड़े के तौर पर देखा जा रहा है।
अभी तक पृथ्वी पर 650 किलोग्राम चांद के टुकड़े हैं जिममें यह टुकड़ा भी शामिल है। इस टुकड़े का आकार फुटबॉल के बराबर है। क्रिस्टी के विज्ञान और प्राकृतिक इतिहास के प्रमुख जेम्स ह्य्सलोप ने कहा कि यह चंद्रमा का एक वास्तविक टुकड़ा है। यह अंतरिक्ष इतिहास या चंद्र अन्वेषण में रुचि रखने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए अद्भुत है। इसकी तुलना अमेरिका के अपोलो अंतरिक्ष अभियानों द्वारा चंद्रमा से लाए गए रॉक नमूनों के साथ की गई है।