सीहोर

सीहोर जिले में रबी फसल की बोवनी के लिए 15 तालाबों से नहीं मिल पाएगा पानी!

जिले के 15 तालाबों में 25 प्रतिशत व 20 में 50 प्रतिशत से कम पानी
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2018, 1:01 AM IST
patrika news
सीहोर जिले में रबी फसल की बोवनी के लिए 15 तालाबों से नहीं मिल पाएगा पानी!

सीहोर. रबी सीजन की बोवनी के लिए जिले के 15 तालाब से नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाएगा। इन तालाब से पानी नहीं छोड़े जाने से सीहोर, आष्टा और इछावर में करीब १० हजार हेक्टेयर में गेहूं, चना, मसूर और मटर की बोवनी प्रभावित होगी।

सीहोर ब्लॉक के सात, आष्टा के छह, इछावर के दो तालाब से पलेवा के लिए पानी नहीं देने का निर्णय जल संसाधन विभाग ने तलाब के जल स्तर को देखकर लिया है। बारिश कम होने के कारण इन तालाब का जल स्तर इस समय वाटर क्षमता से २५ प्रतिशत कम है। सीहोर जिले में रबी बोवनी के पलैवा को कोलार डेम से मख्य केनाल में २९ अक्टूबर और सहायक नहरों में १ से ५ नवंबर के बीच पानी छोड़ा जाएगा। सीहोर जिले में तालाब और स्टॉप से करीब एक लाख पांच हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होती है। सीहोर जल संसाधन विभाग द्वारा ५० हजार, भोपाल के कोलार डेम से ४५ हजार और रायसेन जिले के बारना प्रोजेक्ट से १० हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है।

जिले के आष्टा के रामपुरा खुर्द, फुदरा, बमूलिया भाटी, सिद्दीकीगंज, झिकरी टैंक, पंचापुरा और सीहोर ब्लॉक के खखेड़ा बरखेड़ी, रायपुरा व इछावर ब्लॉक के नीवूखेड़ा, हिलियाखेड़ी और नसरुल्लागंज के मांझीखेड़ा तालाब से सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाएगा। सिंचाई के लिए जिले में करीब ६६ तालाब हैं। जल संसाधन विभाग नहरों के माध्यम से करीब ५० हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाता है। इस बार करीब १५ तालाबों में पानी २५ प्रतिशत से कम है और २० तालाब आधे से ज्यादा खाली है। २५ प्रतिशत पानी वाले तालाब से नहरों में पानी बिल्कुल नहीं छोड़ा जाएगा और ५० प्रतिशत पानी वाले तालाबों से एक बार पानी छोड़ा जाएगा। हां, इसमें एक अच्छी बात यह जरूर है कि १७ तालाब ऐसे हैं, जिनमें पर्याप्त पानी है। यहां जल संसाधन विभाग रबी की फसल के लिए तीन बार पानी देगा।

जिले में गेहूं का रकबा होगा प्रभावित

शरबती गेहूं की पैदावार के लिए सीहोर जिला देशभर में प्रसिद्ध है। यहां का शरबती गेहूं बड़ी मात्रा में बाहर ज्यादा है। इस बार कृषि विभाग ने गेहूं की बोवनी का रकवा दो लाख ४३ हजार हेक्टेयर तय किया है, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण इस बार गेहूं का रकवा प्रभावित हो सकता है।

इनका कहना है

कोलार से २९ अक्टूबर को पानी छोड़ा जाएगा। सहायक नहरों में डिमांड के आधार पर एक से पांच नवंबर को पानी दिया जाएगा। इस बार करीब १५ तालाब ऐसे हैं, जिनसे सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जा सकेगा। बारिश कम होने के कारण तालाब सूखे पड़े हैं।

केडी ओझा, ईई जल संसाधन विभाग

Published on: