सीहोर

आष्टा नगर पालिका का लेखापाल 25 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

नाली निर्माण कार्य का भुगतान करने की एवज में ठेकेदार से ले रहा था रिश्वत
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2018, 1:02 AM IST
patrika news
आष्टा नगर पालिका का लेखापाल 25 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

सीहोर. लोकायुक्त की टीम ने आष्टा नगर पंचायत के लेखापाल को २५ हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सहायक ग्रेड-दो लेखपाल अनिरूद्ध नागर द्वारा रिश्वत ठेकेदार से नाली निर्माण कार्य के एक लाख रुपए का भुगतान करने की एवज में ली जा रही थी।

लोकायुक्त डीएसपी साधना सिंह ने बताया कि चार दिन पहले फरियादी भगवान सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि नगर पालिका लेखापाल नागर नाली निर्माण कार्य के भुगतान की एवज में २५ हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है। सत्यापन के बाद शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने लेखापाल को उसके कार्यालय में २५ हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लेखापाल ने फरियादी ठेकेदार से भुगतान करने की एवज में २३ प्रतिशत रिश्वत की मांगी थी। फरियादी ने बताया कि वार्ड १७ में ५ लाख ८५ हजार रुपए की लागत से नाली का निर्माण किया था। नपा ने 4 लाख 84 हजार रुपए की राशि का भुगतान कर दिया, लेकिन रिश्वत नहीं देने के कारण में एक लाख रुपए के रोक लिए। सहायक ग्रेड-दो लेखपाल अनिरुद्ध नागर से बार-बार भुगतान करने को कहा, लेकिन वह बिना कमीशन के भुगतान करने के तैयार नहीं हुआ। ठेकेदार ने जब खुलकर बात की तो लेखपाल ने २३ प्रतिशत के हिसाब से रिश्वत की मांग की।

दस साल से आष्टा नपा में जमा है लेखापाल

सीहोर निवासी अनिरुद्ध नागर आष्टा नगर पालिका में दस साल से कार्यरत है। नपा के वरिष्ठ अधिकारियों से पकड़ बनाने में नागर को माहिर बताया जा रहा है। फरियादी ने बताया कि पहले भी नगर पालिका के अफसरों से नागर की शिकायतें हुई हैं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया है। नागर का नगर पालिका में इतना प्रभाव है कि वह हमेशा महत्वपूर्ण शाखाओं का काम देखते हैं।

इनका कहना है

नगर पालिका आष्टा के सहायक ग्रेड-दो लेखापाल द्वारा ठेकेदार भगवान सिंह से नाली निर्माण कार्य का भुगतान करने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद मौके पर दबिश देकर लेखापाल को २५ हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

साधना सिंह, डीएसपी लोकायुक्त भोपाल

Published on: