
सीहोर। गंभीर बीमारी से ग्रस्त बच्चों के लिए जागरूक युवा फरिश्ते बन सामने आए हैं। ऐसे ही थेलेसीमिया पीडि़त एक बीमार बच्चे के दुख में काम आने वाले यह युवा उसकी खुशियों में भी शामिल हुए। युवाओं ने बच्चे के जन्म दिवस में उसके साथ खुशियां बांटी। यह युवक अब तक कई जरूरत मंदों को रक्तदान कर उनका जीवन भी युवा बचा रहे हैं।
दोस्तों ने मिलकर जरूरतमंदों की सेवा करने की ठानी और देखते ही देखते इस टोली में तीन सौ के करीब युवा शामिल हो गए।
सीहोर रक्तदान समिति और मानव सेवा समिति के राज सोनी ने बताया कि हमारा मकसद जरूरत मंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। जब बहुत से युवा साथ में जुड़े तो रक्तदान सेवा एवं मानव सेवा टीम का गठन कर लिया। इसे ओर आगे बढ़़ाने सोशल मीडिया पर ग्रुप भी बनाया गया। जहां जरूरतमंद को रक्त की जरूरत पडऩे पर रक्त उपलब्ध कराकर मानव सेवा के कार्य में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि शहर में थेलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त बच्चों को हर माह रक्त की जरूरत पड़ती थी। इन बच्चों के परिजनों ने उनकी समिति से संपर्क किया और नियमित रूप से रक्त की व्यवस्था कराने की बात कही गई जिसे उनकी समिति के युवाओं ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। उन्होंन बताया कि वह शहर के ऐसे करीब दो दर्जन बच्चों के परिजनों से संपर्क में है। जिनके बच्चों को वह नियमित अंतराल से रक्तदान कर रहे हैं।
थेलेसीमिया पीडि़त बच्चे के साथ मनाया जन्म दिवस
सुदेश नगर स्थित एक थेलेसीमिया से ग्रस्त बच्चे का जन्म दिन था। इस बच्चे के दुख में काम आने वाले यह युवा बच्चे की खुशियों में भी शामिल हुए। जहां केक काटकर उसका जन्म दिन मनाया। इस अवसर पर कृष्णा सोनी, राम वर्मा, राज सिंह, अजय वर्मा, आकाश शर्मा, गोपाल पटेल, गोलू चावला सहित कई रक्तदान समिति के युवा शामिल थे।