
सीहोर/बरखेड़ी। यहां एक निजी अस्पताल में अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ देर में ताडंव का रूप ले लिया। आग की पलटों ने चंद मिनट में पूरे सामान को अपनी चपेट में लेकर स्वाहा कर दिया। इसकी सूचना दमकल को दी गई, लेकिन एक घंटे बाद पहुंची। इसके चलते लोगों को ही जद्दोजहद कर आग बुझाना पड़ी। इससे उनको काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। आगजनी की घटना में करीब पांच लाख का सामान जल गया।
शादी में गए थे डॉक्टर
बरखेड़ी में डॉ. अशोक विश्वकर्मा का मुस्कान नाम से अस्पताल व मेेडिकल है। वह शुक्रवार को परिवार के साथ सीहोर में अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। रात ११ बजे के करीब अस्पताल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस आग ने कुछ देर में पूरे अस्पताल को घेर लिया। अस्पताल से निकलती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग भयभीत हो गए। लोगों ने संचालक डॉ. विश्वकर्मा को सूचना दी।
आग को बुझाने जुटे लोग
भीषण आग को तेजी से फैलता हुए देख लोगों में भी अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया था। वह स्वयं इसे बुझाने जुट गए। सूचना के बाद भी जब समय पर दमकल नहीं पहुंची तो उनकी समस्या और ज्यादा बढ़ गई थी। लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक इस आग को बुझाने जमकर मशक्कत की, तब कहीं जाकर ज्वाला शांत हुई। इस दौरान आग की चपेट में आने से दवाई, फर्नीचर, एलईडी सहित करीब पांच लाख रुपए का सामान जल गया। इससे अस्पताल संचालक को काफी नुकसान हुआ है।
दहशत में कटी रात
जिसने भी आग का नजारा देखा, उसकी आंखे फटी की फटी रह गई थी। आगजनी की घटना के चलते लोगों की पूरी रात दशहत में कटी। वह यही सोच रहे थे कि कहीं आग की ज्वाला वापस नहीं भड़क जाए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर आगजनी का मामला कायम किया है।