
सीहोर/सिद्दीकगंज. जिले की नर्मदा नदी से अवैध रूप से बालू रेत निकालकर उसके परिवहन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। माफिया वाहन में मनमाने तरीके से रेत भरकर उसको दूसरी जगह खपाने में लगे हैं। ऐसे ही ओवरलोड डंपर पर जिले की सिद्दीकगंज पुलिस ने कार्रवाई की है। चालकों को फटकार लगाकर जुर्माना वसूला है। इस कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
होशंगाबाद नर्मदा नदी से8 डंपर रेत भरकर आष्टा कन्नौद मार्ग से होते हुए देवास तरफ जा रहे थे। खाचरोद चौकी के पास जब पुलिस ने चैकिंग अभियान के दौरान इनको रोका तो अचंभित हो गए।डंपर में क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी। चालक से पूछताछ की तो कुछ जवाब नहीं दे पाए।इस कारण पुलिस ने कार्रवाई कर ९ हजार से अधिक का जुर्माना वसूला है।
बता दें कि ओवरलोड वाहन से सड़क खराब हो रही है। इसके बाद भी इन पर विराम नहीं लग रहा है। इन वाहनों से खाचरोद-सिद्दीकगंज मार्ग भी बदहाल हो चुका है। सिद्दीकगंज टीआई आरएस राजपूत ने बताया कि ओवरलोड डंपर के चालान काटकर जुर्माना वसूला है।
इधर, कैमरे व ताले तोड़कर दुकानों में घुसे चोर
सीहोर. शहर के नमक चौराहे पर चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़ सामान चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। चोरों ने तीन कैमरों को तोडऩे के बाद भी उनकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार नमक चौराहे स्थित प्रमोद गुप्ता की दुकान यश किराना और फूलचंद सलूजा की भवानी फ्रूट पर धावा बोला।
दोनों दुकानों के ताले तोडऩे के पहले चोरों ने भवानी फ्रूट के तीन सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, लेकिन इनकी सारी गतिविधि चौथे कैमरे में रिकार्ड हो गई। पुलिस की मानें तो चोरों ने इन दोनों दुकानों को रात 2 बजकर 38 मिनट पर अपना निशाना बनाया जब चोरों ने भवानी फ्रूट भंडार के शटर के ताले तोड़़कर दुकान में प्रवेश किया।इसी दौरान रात्रि पुलिस गश्ती दल इस दुकान का आधा शटर खुला देखकर रुके और कंट्रोल रुम को सूचना दी, जिस पर पुलिस के दो वाहन एक नमक चौराहा की तरफ से और एक अस्पताल मार्ग की तरफ से आया और इन्हें रंगें हाथ दबोच लिया।
चार से अधिक इन युवकों ने पुलिस को बताया कि श्री गणेश मंदिर के मेले में आष्टा क्षेत्र से दुकान लगाने के लिए आए थे। जाते समय वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन पकड़े गए। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि मंदिर के सामने दरगाह वाली गली पर एक कपड़ों से बेग भरा हुआ मिला है माना जा रहा है कि इनमें से या तो पुलिस के भय से भागते समय किसी चोर का गिरा है अथवा आने के पहले इन्होंने बेग वहां पर पटक दिया गया।