
सीहोर. इछावर विकासखंड में मुख्य मार्ग के अंधे मोड़ वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। इन मोड़ पर संकेतक बोर्ड का अभाव होने के साथ अन्य सुरक्षा संबंधी इंतजाम नहीं होने से वाहन चालक हादसे का शिकार होकर अस्पताल का मुंह देख रहे हैं। उसके बावजूद जिम्मेदार अफसर इस समस्या को दूर करने की बजाएं लापरवाही दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
सड़क सुरक्षा समिति सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रयास करने की बात तो कहती है, लेकिन उनका यह प्रयास कितना कारगर साबित हो रहा है उसकी हकीकत आए दिन हो रही दुर्घटनाएं बता रही है। इसमें सबसे ज्यादा हादसे अंधे मोड़ पर घटित हो रहे हैं। इन मोड़ों पर क्या स्थिति है उसका अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि वाहन चालकों की नजर हटी की दुर्घटना घट जाती है।
नहीं लगाए गए हैं बोर्ड
इछावर से आगे पालखेड़ी जोड़ पर बहुत ही खतरनाक मोड़ है, जिस पर एक तरफ पुलिया आ गई है। वही पुलिया की गैलरी से वाहन तक दिखाई नहीं देता है। यदि वाहन चालक की जरा सी चूक होती ही दुर्घटना घटित हो जाती है। वहीं कालापीपल गाजीखेड़ी जोड़ पर भी इसी तरह का मोड़ है। इस हाईवे पर स्थित अंधे मोड़ों पर चेतावनी (संकेतक) बोर्ड नहीं लगाए हैं।
हादसे में अब तक कई की चली गई है जान
गाजीखेड़ी और कालापीपल के बीच झाडिय़ा हादसों को बढ़ावा दे रही है। ढाबलामाता सेमली जदीद रोड पर खेजड़ा के पास इसी तरह की झाडिय़ां है। इसे लेकर लोगों ने कई बार अपफसरों को शिकायत दर्ज कराई है। उसमें बताया कि झाडिय़ों की सफाई की जाए, जिससे की उनको आवाजाही में समस्या से निजात मिले। बावजूद इसके ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते कई की जान चली गई है।
सड़क हो गई है खस्ताहाल
सीहोर नसरुल्लागंज सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे वाहन चालकों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। सीहोर से नसरुल्लागंज सलकनपुर की और जाने वाली मुख्य सड़क की खस्ता हालात को सुधारने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रोड पर कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
जिससे वाहन चालकों की नजर हटी की दुर्घटना घट जाती है। इसी प्रकार से गाजीखेड़ी जाने वाली सड़क खराब होने के साथ रामनगर जाने वाले सड़क पर गांव मोलगा के पास पुल पर तार निकल आए हैं। उल्लेखनीय है कि सड़क पर हर कहीं हो रहे गड्ढों से आवाजाही करने वाले लोगों को प्रतिदिन काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।