सीहोर

नपा और बिजली कंपनी के बीच लटके संबल योजना के हितग्राही

18 हजार पंजीयन में से सात हजार के ही निकले प्रिंट, लाभ मिला महज दो हजार को
2 min read
• •
Updated: 15 Jul 2018, 12:03 PM IST
sehore, sehore news, sehore patrika, patrika news, patrika bhopal, bhopal mp, npa, sambal yojna, Chief minister's scheme, electricity company, electricity board,
नपा और बिजली कंपनी के बीच लटके संबल योजना के हितग्राही

सीहोर। संबल योजना के तहत सरल बिजली योजना और बिल माफी के लिए हितग्राही भटक रहे हैं। मजदूर पंजीयन का प्रिंट नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते मजदूरों को बिजली बिल और सरल बिजली योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। पूरे शहर में करीब १८ हजार पंजीयन हुए हैं, लेकिन अभी तक महज सात हजार प्रिंट ही निकल पाए हैं। जबकि अभी तक करीब दो हजार को ही लाभ मिल सका है। प्रिंट के लिए हितग्राही परेशान हैं। नपा में कर्मचारियों की हड़ताल ने गरीबों की परेशानी बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत पूरे शहर में 18 हजार छह सौ पंजीयन हुएहैं। पंजीयन के आधार पर ही सरल बिजली योजना और बिल माफी का लाभ हितग्राहियों को दिया जाना है, लेकिन इसमें पंजीयन का प्रिंट नहीं मिलना समस्या बनकर खड़ा हुआ है। नगरपालिका में हर दिन नए पंजीयन तथा पंजीकृत लोग पंजीयन के प्रिंट के लिए भटक रहे हैं। यही हालात बिजली विभाग में भी देखी जा रही है। दोनों ही स्थानों पर ही हितग्राहियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

अभी तक 18 हजार पंजीयन में से मात्र सात हजार पंजीयन का ही प्रिंट ही निकल पाए है। यह प्रिंट भी अभी तक हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहे हैं। इधर बिजली विभाग में सरल बिजली और बिल माफी के तहत अब तक मात्र दो हजार हितग्राहियों को लाभ मिला है। इसमें भी अधिकतर लोगों के पास पंजीयन नहीं है। पिछले तीन दिनों ने नपा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोग नपा पहुंच रहे हैं, लेकिन उनके काम नहीं हो रहे हैं।

क्या कहा हितग्राहियों ने
सुदामा नगर निवासी रुकमणि गौर ने बताया कि पंजीयन के लिए छह जून से नपा जा रही हैं। नपा में पार्षदों द्वारा पंजीयन मिलने की बात कही जा रही है। पार्षद के पास जाने पर पंजीयन नहीं आने का बताया जा रहा है। इधर, बिजली कंपनी योजना का बिना पंजीयन लाभ देने से इंकार कर रही है। इस कारण परेशान होना पड़ रहा है। मनोज धानक ने बताया कि बच्चों के एडमिशन में भी पंजीयन मांगा जा रहा है। इसके चलते पंजीयन का प्रिंट पाने भटक रहे हैं। हर बार पोर्टल नहीं खुलने की बात अधिकारी कर्मचारी टरका रहे हैं।

अब तक योजना के लाभ के तहत करीब दो हजार पांच सौ हितग्राही आवेदन करने पहुंचे है। पंजीयन नहीं मिलने की दशा में समग्र आइडी के आधार पर पोर्टल पर सर्चकर हितग्राहियों का चयन किया जा रहा है।
-आशुतोष चंद्रा, एई बिजली कंपनी

पोर्टल पर समस्या आने के कारण कुछ परेशानियां आ रही है। जल्द ही सभी पंजीयन का प्रिंट निकलवाकर हितग्राहियों को दिए जाएंगे।
सुधीर कुमार सिंह, सीएमओ नगरपालिका सीहोर

Published on: