
सीहोर/रेहटी। रीवा से स्वप्निल और इंदौर से महेंद्र इटारसी शादी में आए और इटारसी से बारात के साथ सलकनपुर पहुंचे थे, लेकिन इन दोनों को नहीं मालूम था कि यह बारात उनके जीवन की मौत की बारात साबित होगी, जहां सलक नपुर आई बारात में चल रहे स्वप्निल और महेंद्र को अंधी गति से रेहटी से बुदनी की ओर जा रहे ट्रक ने रौंद दिया। इससे स्वप्निल की तो मौके पर ही मौत हो गई और महेंद्र को गंभीर अवस्था में भोपाल रेफर किया था, लेकिन मौत के आगे वह भी हार गया। इस तरह पलभर में नाच-गाने के बीच चल रही बारात में मातम छा गया।
गमगीन माहौल में शादी सपंन्न कराना पड़ा। इधर, गुस्साएं अज्ञात लोगों ने ५ किमी तक ट्रक का पीछा किया तो वाहन एक डीजे से टकरा गया। ट्रक के डीजे से टकराने पर गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक और क्लीनर की जमकर पिटाई लगा दी। इसके बाद ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे डीजे वाहन भी जल गया। घटना शनिवार देर रात सलक नपुर छोठा मठ के पास की है।
पुलिस के अनुसार रेहटी के गांव बीबदा निवासी श्रवण गौर की छोटी लड़की की शादी सलकनपुर छोटा मठ से होने जा रही थी। जहां इटारसी से शाम को बारात आने के बाद बारात में सभी झूमते गाते हुए जा रहे थे। तभी अंधी रफ्तार से सलकनपुर की ओर आ रहे एक ट्रक ने बारातियों पर वाहन चढ़ा दिया और देखते ही देखते खुशी का माहौल कोहराम में बदल गया। ट्रक ने महुगंज रीवा निवासी स्वप्निल पांडे पिता रामेंद्र उम्र २३ वर्ष और इंदौर निवासी महेंद्र गौर पिता प्रेमनारायण गौर ४० वर्ष दोनों को रौंदते हुए भाग निकला। जहां स्वप्निल पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं महेंद्र गौर को गंभीर अवस्था में रेहटी अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान महेंद्र गौर ने भी दम तोड़ दिया। जहां दोनों का पीएम रविवार को रेहटी में कराकर शव परिजनो को सौंप दिया।
ट्रक को किया आग के हवाले, डीजे वाहन भी जला
दो बारातियों को रौंदते हुए जब ट्रक भाग निकला तो बारातियों ने ५ किमी तक पीछा किया। इस दौरान ट्रक के चालक कमल मौर्य ने तेजी से वाहन वाहन को बुदनी की ओर लेकर भागने लगा। ग्राम ओडिया के पास दूसरी ओर से आ रहे डीजे वाहन को भी टक्कर मार दी। ट्रक के रुकते ही गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। जिससे ट्रक के साथ डीजे वाहन भी जलकर राख हो गया। दो फायर बिग्रेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। दूसरी तरफ गुस्साए लोगों ने ड्राइवर कमल मोर्य पिता राम सिंह मौर्य निवासी धार एवं क्लीनर महेश सोलंकी पिता बन सिंह सोलंकी निवासी धार के साथ मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में चोट आई है, ड्राइवर का इलाज रेहटी अस्पताल में चल रहा है। वहीं क्लीनर महेश सोलंकी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
महेंद्र दुल्हन का फूफा और स्वप्निल दुल्हन के भाई का दोस्त था
सड़क हादसे में स्वप्निल और महेंद्र की मौत के बाद दर्दनाक घटना में महेंद्र रिश्ते में दुल्हन का फूफा और स्वप्निल दुल्हन के दोस्त का भाई था। बताया जाता था कि रीवा निवासी स्वप्निल इकलौता लड़का था। रेहटी थाना प्रभारी आरके दुबे ने बताया कि अनिरुद्ध दुबे की रिपोर्ट पर ट्रक के चालक के खिलाफ और ट्रक के क्लीनर महेश सोलंकी की रिपोर्ट पर अज्ञात 8-10 व्यक्तियों के विरुद्ध आगजनी और मारपीट की धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया है।