सीहोर

प्रदेश की इस मंडी मेें नए गेहूं का श्रीगणेश, जानिए क्या भाव बिका

सीजन में पहली बार हुई है नए गेहूं की मंडी में आवक
less than 1 minute read
• •
Updated: 24 Jan 2023, 10:12 AM IST
 गेहूं
गेहूं

अनिल कुमार, सीहोर. जिले की आष्टा कृषि उपज मंडी में रबी सीजन में पहली बार सोमवार को नए गेहूं की आवक का श्रीगणेश हुआ। यह गेहूं मुहूर्त में 2965 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिका। मंडी में पिछले कई साल बाद ऐसी स्थिति बनी जब जनवरी महीने में नए गेहूं की आवक हुई है।

जानकारी के अनुसार जसमत गांव का किसान जगदीशसिंह 15 क्विंटल नए गेहूं कटाई करने के बाद थ्रेसिंग कर आष्टा कृषि उपज मंडी में बेचने पहुंचा। इतनी जल्दी मंडी में नए गेहूं को आता देख व्यापारी और दूसरे उपज बेचने आए किसान अचंभित हो गए। मंडी में नया गेहूं 2965 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिका, जिसे फर्म श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी ने खरीदा। अब आगामी दिनों में मंडी में नए जिन्स की लगातार आवक बढऩे का अनुमान है।

9447 क्विंटल की आवक
आष्टा मंडी में कुल 9 हजार 447 क्विंटल की आवक हुई। मंडी में गेहूं शरबती 3028 से 3603,गेहूं लोकवन 2801 से 3076,गेहूं पूर्णा 2700 से 3062,गेहूं मालवराज 2592 से 2800,गेहूं मिल 2692 सेे 2893,चना कांटा 3500 से 4700,चना मौसमी 4556 से 4631,सोयाबीन 2300 से 6800,मसूर 5000 से 5741,मक्का 2087 से 2210 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिका।

अभी चल रही है सिंचाई
अक्टूबर महीने के तीसरे सप्ताह से किसानों ने रबी फसल की बोवनी शुरू कर दी थी। इस समय किसानों के खेतों में गेहूं,चना,मसूर की फसल लहलहा रही है। किसान फसल में सिंचाई करने में जुटा हुआ है। किसानों का कहना है कि जिन्होंने सबसे पहले बोवनी की थी उनकी ही इक्का-दुक्का किसानों की फसल पककर तैयार हुई है। वही अधिकांश किसानों की फसल पककर तैयारी होने में अभी एक से डेढ़ महीने का समय लगेगा।

Published on: