सीहोर

बिजली की समस्या से परेशान लोगों ने कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा

ग्रामीणों ने बिजली कंपनी अफसरों को सौंपा ज्ञापन

less than 1 minute read
Jan 28, 2020
हल्ला बोलकर ग्रामीणों ने जताया विरोध
सीहोर. बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीण।

सीहोर. कम ज्यादा वोल्टेज और अन्य बिजली समस्या से त्रस्त लसूडिय़ा वाज्याप्त और आंवलीखेड़ा के लोगों ने बिजली कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने कंपनी के सुपरवाइजर और प्रभारी अधिकारी को शिकायत दर्ज कराई है। इसमें अल्टीमेटम दिया है कि एक सप्ताह में समस्या दूर नहीं हुई तो कंपनी दफ्तर के सामने ही आंदोलन करेंगे।

बिजली से होने वाले कार्य अलग ठप होकर रहे

लसूडिय़ा वाज्याप्त, आवंलीखेड़ा के लोगों ने बताया कि घरेलू बिजली पूरे दिन कम ज्यादा होती रहती है। वोल्टेज अचानक 90 से 400 तक पहुंच जाता है। वहीं बिजली कनेक्शन में अर्थिंग वायर ही नहीं है। जिसमें रोज टीवी, बल्ब और अन्य घरेलू उपकरण अलग जलकर खराब हो रहे हैं। डीपी से बिना अर्थिंग के मिलने वाली बिजली से हमेशा करंट लगने का भी खतरा रहता है। कंपनी के अफसरों की लापरवाही के चलते हर माह हजारों रुपए का नुकसान हो रहा है। वहीं बिजली से होने वाले कार्य अलग ठप होकर रहे हैं।

सप्ताह भर का दिया अल्टीमेटम
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कंपनी ने एक सप्ताह के अंदर समस्या का निराकरण नहीं किया और कोई घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी कंपनी की बिलकिसगंज शाखा की मानी जाएगी। वहीं अधिकारी और कर्मचारियों के गैर जिम्मेदार व्यवहार के खिलाफ जिला व राजधानी में उच्च अधिकारियों को भी इसकी शिकायत करेंगे। इसके अलावा बिजली कंपनी बिलकिसगंज शाखा के समक्ष आंदोलन भी किया जाएगा। इस अवसर पर सुभाष सी पांडे, पूरण ठाकुर, बलिराम, बबलू ठाकुर, होतमसिंह आदि उपस्थित थे।

Published on:
28 Jan 2020 01:46 pm