
सीहोर। नगर पालिका की उदासीनता और घटिया निर्माण के चलते 76 लाख रुपए की लागत से हाल ही में तैयार हुआ उटल अमृत पार्क अब उजाड़ होने लगा है। पार्क में लगाएं गुणवत्ताहीन झूले टूटने लगे हैं, जिन पर झूलने के दौरान कई बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं। पार्क में खुला कुआं कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। अन्य अव्यवस्था का आलम भी बना हुआ है। अफसरों की अनदेखी को लेकर शनिवार को नागरिकों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने पार्क में ही विरोध जताकर आक्रोश जाहिर किया।
शहर के वार्ड एक स्थित बढिय़ाखेड़ी में नपा ने अमृत योजना के तहत ग्रीन पार्क का निर्माण कराया है। इसका पिछले महीने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे इंदौर में आयोजित कार्यक्रम सेे इ-लोकार्पण किया था। शहरवासियों को लगा था कि उन्हें राहत के पल बिताने और बच्चों की मौज मस्ती के लिए अटल अमृत पार्क कारगर साबित होगा। इसे उनकी बदकिस्मती कहे या फिर और कुछ कि ऐसा नहीं हो सका है।
घातक साबित हो रहे गुणवत्ताहीन झूले
इस पार्क में पार्क में शाम होते ही बच्चों की धमाचौकड़ी व मौज मस्ती शुरू हो जाती है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में बड़ी संख्या में बच्चे भी पहुंचते हैं। वह झूलों पर मौज मस्ती करते नजर आते हैं, लेकिन अब यही झूले इन बच्चों के लिए हादसे का सबब बनते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि नपा की अनदेखी के चलते ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन झूले मार्ग में लगाए हैं। यह कुछ ही दिनों में खराब हो गए हैं और बच्चों के लिए घातक साबित हो रहे हैं।
हादसे का कारण बन सकता है खुला कुआं
पार्क में स्थित कुआं बारिश के चलते लबालब भर गया है। लापरवाही की बात यह है कि कुएं पर जाली तक नहीं लगाई है। ऐसे में आमजन और छोटे बच्चों के हमेशा इसमें डूबने का खतरा बना रहता है। पार्क में आने वाले अनिल सोनी बताते हैं कि बच्चे पार्क में मौज मस्ती कर सकें, इसलिए वह अपने बच्चों को लेकर आए थे। खुला कुआं बच्चों के लिए कभी भी घातक साबित हो सकता हैा नपा को इस ओर ध्यान देकर कुएं में जाली लगवाना चाहिए। परिसर जंगली घास काफी बड़ी हो गई है। इससे जहरीले कीड़े पनप रहे हैं, जिसकी कटाई भी होना चाहिए।
आक्रोशित हुए नागरिक
पार्क की इसी अव्यवस्था को लेकर लोगों ने पार्क में पहुंचकर नपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं बच्चों के झूलों को दुरुस्त कराने और खुले पड़े कुएं में जाली लगाने पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे नपा कर्मचारियों को लोगों ने पार्क में बच्चों के लिए लगाए गए गुणवत्ताहीन झूलों की शीघ्र मरम्मत कराने और खुले कुएं पर जाली लगाने की बात कहीं। कुछ देर तक चली चर्चा के बाद आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान युवा सेना जिला उपाध्यक्ष सुनील राय, सनी राय, नैतिक राय, सोनू कुशवाहा, अनिल राय, अविनाश राय, अंकित राय, प्रवेन्द्र राय, अभिषेक मालवीय, भोला, भानु ठाकुर, राजा, शुभम, सुनील थे।
निर्देशित किया है
ठेकेदार को निर्देशित किया है कि कुएं पर जाली लगाएं। वहीं जहां तक झूले की बात है तो बेस बनाकर उनको तैयार कराया जाएगा। साथ ही और भी झूले लगाएं जाऐं। अन्य व्यवस्था भी की जाएगी।
सुधीर कुमार सिंह, सीएमओ नपा सीहोर