18 माह कैसे चलता रहा शहर में अवैध निर्माण, अफसरों के पास नहीं जवाब
सीहोर. मुख्यमंत्री कमलनाथ के आदेश पर प्रदेशभर में माफियाओं के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। बुधवार को इस मुहिम के तहत सीहोर में पहुंची कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन के नेतृत्व में भू-माफिया कुंदन वर्मा के तीन मंजिला निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को दूसरी बार तोड़ा गया। इससे पहले यह 23 मार्च 2018 को तत्कालीन एसडीएम राजकुमार खत्री के नेतृत्व में तोड़ा गया था। एक बार प्रशासन के कार्रवाई करने के बाद माफिया ने दूसरी बार सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कैसे शुरू कर दिया और यह निर्माण कार्य बीच शहर में 18 महीने तक चलता रहा, अफसरों की नजर तक नहीं पड़ी।
अब जब बिल्डिंग चार मंजिला बनकर तैयार हो गई और फिर से सीएम ने निर्देश दिए तो अमला तोडऩे पहुंच गया। अफसरों ने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की, इसका किसी के पास जवाब नहीं है। सब एक-दूसरे को जिम्मेदार बता रहे हैं। भू-माफिया कुंदन के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, मारपीट जैसे करीब 36 संगीन अपराध दर्ज हैं।
दो बार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून और तीन बार जिलाबदर तक किया जा चुका है। अफसरों का तर्क है कि लंबे समय से लुनिया मोहल्ला गंज सीहोर निवासी कुंदन पुत्र पतिराम लुनिया 42 साल के खिलाफ सरकारी एवं निजी सम्पत्ति पर अवैध कब्जा करने की शिकायतें पुलिस एवं प्रशासन स्तर पर मिल रही थी, बुधवार को जनमानस में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने भोपाल नाका पर कुंदन लुनिया के तीन मंजिला मकान को गिराने की कार्रवाई की गई है। कुंदन का कहना है कि यह कार्रवाई राजस्व मंडल ग्वालियर और न्यायालय के आदेश के खिलाफ की गई है।
एक दर्जन अवैध निर्माण चिन्हित
सीहोर में माफियाओं के खिलाफ मुहिम आगे भी चलेगी। एडीएम वीके चतुर्वेदी ने बताया कि शहर में करीब एक दर्जन अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। एक-एक कर सभी माफियाओं पर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की जद में कई अवैध कॉलोनी भी आएंगी।
दो जेसीबी व एक पोकलेन नहीं ढहा पाईं बिल्डिंग
तीन मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को तोडऩे के लिए अमला करीब तीन बजे भोपाल नाके पर पहुंचा। दो जेसीबी और एक पोकलेन ने बिल्डिंग को तोडऩे के लिए रात 8 बजे तक मशक्कत की, लेकिन बिल्डिंग जमीदौज नहीं हो सकी। एडीएम वीके चतुर्वेदी ने बताया कि गुरुवार को बिल्डिंग में ब्लास्ट किया जाएगा। ब्लॉस्ट करने के लिए किसी एक्सपर्ट को बुलाएंगे। उन्होंने बताया कि जहां पर बिल्डिंग है, आसपास आबादी क्षेत्र है। इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखकर बिल्डिंग तोडऩे की कार्रवाई की जा रही है।
भू-माफिया कुंदन वर्मा के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में करीब 36 अपराध दर्ज हैं। कुछ दिन से सरकारी और निजी संपत्ति पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने की शिकायत मिल रहीं थी। जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध निर्माण को तोड़ा है।
समीर यादव, एएसपी सीहोर
मैं पूर्व की चीजों के लिए जिम्मेदार नहीं हूं। 18 महीने निर्माण कार्य कैसे चला, मुझे नहीं पता। मेरे सामने उसका आपराधिक रिकॉर्ड प्रस्तुत किया गया, उससे लोग भयभीत हैं, मैं ऐसे माफियाओं को नहीं रहने दूंगा।
अजय गुप्ता, कलेक्टर सीहोर