सीहोर

तीन डंपर पकड़े, कार्रवाई के दौरान 15 ट्रैक्टर चालक ट्राली छोड़ भागे

माइनिंग विभाग की कार्रवाई, डंपरों को जब्त कर वापस ले जाने में करनी पड़ी मशक्कत
2 min read
• •
Updated: 20 Sep 2018, 4:05 PM IST
news
file photo

सीहोर/नसरुल्लागंज। रेत माफियाओं के हौंसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए चोरी से रेत ले जाते हुए तीन डंपरों को पकड़ा। इस दौरान अपने को फंसता देख कार्रवाई होने से पहले ही वाहन चालक फरार हो गए। इधर, डंपरों पर कार्रवाई होते देख टै्रक्टर-ट्राली के रेत ले जा रहे करीब 15 ट्रैक्टर चालक ट्राली छोड़ भाग खड़े हुए।

तीन अवैध रेत वाहन पकड़ाए
खनिज विभाग के अधिकारी शांतिलाल निनावे द्वारा छिंदगांव काछी पहुंचकर चोरी छिपे रेत ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें विभाग के अधिकारियों के हाथ तीन हाईवा अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पकड़े। माइनिंग विभाग को आता देख ड्राइवर वाहन छोड़ भाग खड़े हुए। इन वाहनों को नसरुल्लागंज लाने में अधिकारियों को मशक्कत करना पड़ी।

माइनिंग विभाग ने की कार्रवार्र
खबर लिखे जाने तक केवल एक वाहन ही नसरुल्लागंज थाने तक आ सका। शेष दो डंपरों को थाने तक लाने के लिए मशक्कत की जाती रही। माइनिंग विभाग की कार्रवाई के दौरान ही ट्रैक्टर-ट्रालियों से रेत का व्यापार करने वाले रेत माफियाओं ने अपनी ट्रालियों को सड़क पर ही खड़ा कर ट्रैक्टर लेकर भाग गए।


माइनिंग विभाग के द्वारा इन ट्रालियों को लाने की जब कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दी तो विभाग के कर्मचारियों ने ट्राली के पहियों की हवा निकाल दी। ज्ञात रहे कि पत्रिका की बुधवार के अंक मे एक दिन कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रेत माफियाओं पर कार्रवाई नहीं किए जाने क खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद बुधवार को माइनिंग विभाग ने यह कार्रवाई की गई। इस संबंध में खनिज विभाग के शांतिलाल निनामा ने का कि तीन वाहन ओवरलोड रेत के पकड़े गए हैं, जो ट्रेक्टर-ट्राली वाले ट्राली छोड़कर भाग गए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इधर, रेत चोरी कर ले जा रहे 11 वाहन चालकों को हुई जेल
रेत चोरी कर ले जा रहे 11 वाहन चालकों को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को पुलिस राजस्व विभाग एवं माइनिंग विभाग द्वारा रेत के अवैध व्यापार एवं चोरी कर रेत ले जाने वाले वाहनों की धरपकड़ की गई थी। इसमें 38 वाहन पुलिस की गिरफ्त में आए थे एवं 40 से 50 वाहन सड़क पर ही रेत खाली कर भाग खड़े हुए थे।

इन 38 वाहन को पकड़कर जब पुलिस नसरुल्लागंज लेकर आई तो रास्ते में से ही 8 वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सभी 38 वाहन के ड्राइवरों के खिलाफ रेत चोरी कर लिए जाने का मामला दर्ज किया। इनमें से 11 ड्राइवर पुलिस की गिरफ्त में आए हैं, जिन्हें बुदनी न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, शेष वाहन के ड्राइवरों की पुलिस तलाश में जुटी है।

Published on: