मामले में निष्पक्षता नहीं बरत रही।
सिवनी. धनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीटीका में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। एक पक्ष के प्रदीप दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी चोटिल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। घटना के बाद महेश डहेरिया ने अपने पक्ष से रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि प्रदीप दुबे की स्थिति सामान्य होने पर उनका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है और जांच की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस एक तरफा कार्रवाई कर रही है। मामले में निष्पक्षता नहीं बरत रही। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच प्रारंभिक स्तर पर है और दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचाना शुरू कर दी है।
मीटर लगाने के दौरान विवाद, मामला दर्ज
सिवनी. डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होड़ी में स्मार्ट मीटर लगाने पर विवाद करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार विद्युत कंपनी की टीम गांव निवासी सतीश (28) के घर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान सतीश ने कर्मचारियों से बहस की और उन पर रुपए चोरी करने का झूठा आरोप लगाने लगा। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि सतीश टीम पर गलत आरोप लगाकर मीटर लगवाने से बचना चाहता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।