यह स्थिति स्थानीय स्तर पर अधिकारियों द्वारा समस्या को ध्यान न देने से पैदा हो रही है। तहसील बरघाट अंतर्गत वार्ड नंबर 10 निवासी प्रदीप कुमार भालेकर ने पिता की मृत्यु उपरांत पेंशन राशि दिलाए जाने को लेकर आवेदन दिया।
सिवनी. भीषण गर्मी में भी लोग जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारी के कार्यालय का दरवाजा खटखटाने को मजबूर हो रहे हैं। यह स्थिति स्थानीय स्तर पर अधिकारियों द्वारा समस्या को ध्यान न देने से पैदा हो रही है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलास्तरीय जनसुनवाई अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जनसुनवाई में कुल 270 आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर सीएल चनाप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व) एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े। जिला स्तरीय जनसुनवाई में तहसील बरघाट अंतर्गत वार्ड नंबर 10 निवासी प्रदीप कुमार भालेकर ने पिता की मृत्यु उपरांत पेंशन राशि दिलाए जाने को लेकर आवेदन दिया। वहीं तहसील केवलारी निवासी रीतू कटरे ने आवासीय उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश दिलाए जाने, तहसील लखनादौन अंतर्गत सुभाष वार्ड निवासी पुष्पा अहिरवार ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, लखनादौन निवासी दादूराम गोल्हानी ने अभिलेख दुरूस्त कराए जाने, ग्राम धूमा लखनादौन निवासी मोहन उइके ले जीवन दान हेतु अनुदान राशि दिलाने, तहसील केवलारी अंतर्गत ग्राम घूरवाड़ा निवासी रिंकू तिवारी ने दिव्यांगजन हेतु आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराए जाने, ग्राम नांगदहार लखनादौन निवासी सनसवती डहेरिया ने लाडली बहना योजना का लाभ दिलाए जाने, ग्राम डोरली छतरपुर निवासी हरिराम सोनी ने राशन दिलाए जाने, तहसील छपारा अंतर्गत ग्राम बिछुआ निवासी परसराम डहेरिया ने अनु. जाति जनजाति राहत राशि योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील घंसौर अंतर्गत ग्राम भेड़ा निवासी सीता राम एवं अन्य द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाये जाने को लेकर आवेदन दिया।
सडक़ खराब होने से ग्रामीण हो रहे परेशान
जनसुनवाई में तहसील कुरई अंतर्गत निवासी देवलासिंह एवं अन्य ने ग्राम में नवीन पुल निर्माण एवं सडक़ निर्माण कार्य कराए जाने को लेकर आवेदन दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सडक़ खराब होने से उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। वहीं तहसील बरघाट अंतर्गत ग्राम मुंडापार निवासी रविशंकर तुरकर एवं अन्य ने फार्मर आईडी पोर्टल चालू कराए जाने, बारापत्थर सिवनी निवासी राजकुमारी जंघेला ने आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने, तहसील धनौरा अंतर्गत ग्राम सुनवारा निवासी सदिया बाई ने निराश्रित पेंशन योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील छपारा अंतर्गत ग्राम चमारीकला निवासी गुरूदयाल ने पोर्टल में गेंहू दर्ज कराए जाने, ग्राम दुकली सिवनी निवासी गरीबा जंघेला ने रास्ता दिलाए जाने को लेकर आवेदन दिया। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही कर शीघ्र निराकरण किए जाने के निर्देश अपर कलेक्टर नक संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।