आए दिन घटनाएं आ रही सामने, फिर भी जिम्मेदार बेपरवाह
सिवनी. शहर में डॉग बाइट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। रात के साथ अब दिन में भी कुत्ते खूंखार होते जा रहे हैं। रविवार को विवेकानंद वार्ड स्थित मठ मंदिर के पास दोपहर लगभग तीन बजे कुत्तों ने आधा दर्जन बच्चों पर हमला कर दिया। नोंच कर लहूलुहान कर दिया। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि दोपहर में बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान कुत्तों ने हमला कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती प्राची बंदेवार(10) के परिजनों ने बताया कि बच्ची घर से बाहर निकल रही थी। उसने कुत्ते को छेड़ा भी नहीं। इसके बावजूद भी कुत्ते ने उस पर हमला कर लहुलूहान कर दिया। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। वहीं विवेकानंद वार्ड निवासी तन्वीर यादव(12) के परिजनों ने बताया कि कुत्तों ने इस तरह से बच्चे के शरीर को पकड़ रखा था कि छोड़ाना भी मुश्किल हो रहा था। किसी तरह से मुक्त कराया गया और अस्पताल लेकर पहुंचे। बीते दिनों भी क्षेत्र में कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर घायल किया था। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष नगर पालिका कुत्तों के धरपकड़ एवं नसबंदी के लिए अभियान चलाने की बात कहती है। कागजों में लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे इतर है। कुत्तों के काटने की घटना केवल शहर में ही नहीं बल्कि गांवों में भी सामने आ रही है। जिला अस्पताल में आए दिन पीडि़त पहुंच रहे हैं। कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इनका शिकार अधिकतर समय बच्चे ही हो रहे हैं। झूंड में कुत्ते हमला कर घायल कर रहे हैं। इसके बावजूद भी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जिले व शहर में कोई उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
शहर का हर व्यक्ति परेशान
आवारा खूंखार कुत्तों से शहर का हर व्यक्ति अब परेशान हो गया है। बच्चों का घरों के बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं दो पहिया वाहन चालकों को भी यह कुत्ते गिराकर घायल कर देते हैं। हालत इतने खराब होते जा रहे हैं कि हर दिन इन कुत्तों से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
इन क्षेत्रों में ज्यादा आतंक
शहर हो या गांव सभी जगह पर कुत्तों का आतंक है। रोजाना डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। दिन हो या रात हर समय कुत्ते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। शहर में सबसे ज्यादा कुत्ते विवेकानंद वार्ड, शहीद वार्ड, बारापत्थर, बस स्टैंड, भैरोगंज, छिंदवाड़ा चौक, कटंगी रोड, शुक्रवारी, ज्यारतनाका, राजपूत कॉलोनी, काली चौक, मंगलीपेठ, मठ मंदिर, आजाद वार्ड सहित अन्य क्षेत्रों में नजर आते हैं।
नपा नहीं निभा रही जिम्मेदारी
शहर में कुत्तों को पकडऩे के लिए नगर पालिका को जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन विभाग अपना काम नहीं कर रही है। इसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है।
बेअसर हुआ नसबंदी अभियान
शहर में आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी अभियान चलाया गया था। वह भी बेअसर साबित होता दिख रहा है। नसबंदी अभियान की शुरुआत में दावा किया जा रहा था कि इससे शहरी क्षेत्र में कुत्तों की संख्या को नियंत्रित किया जा सकेगा। इसके लिए लाखों रुपए खर्च किए गए थे।
14 माह में 3100 से अधिक मामले
जिला अस्पताल से मिले आंकड़े के अनुसार बीते 14 माह में डॉग बाइट के 3100 से अधिक मामले आ चुके हैं। वर्ष 2024 में जनवरी माह में 208, फरवरी में 208, मार्च में 219, अप्रेल में 240, मई में 257, जून में 250, जुलाई में 186, अगस्त में 152, सितम्बर में 156, अक्टूबर में 165, नवंबर में 195, दिसंबर में 235 मामले आए। वहीं जनवरी 2025 में 317 एवं फरवरी में 333 मामले आए।
इनका कहना है…
नगर पालिका लगातार अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ती है। नसबंदी अभियान भी चलाया जाता है। विवेकानंद वार्ड में मैं दिखवाता हूं।
विशाल सिंह मर्सकोले, सीएमओ, नपा, सिवनी