सिवनी

Big news: स्कूल के पोर्च की ढलाई करते समय गिरी छत, दस मजदूर घायल

केवलारी में हुआ हादसा, तीन गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

2 min read
Sep 20, 2025

सिवनी. केवलारी नगर मुख्यालय में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल(सांदीपनि विद्यालय) भवन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। भवन के बाहरी तरफ पोर्च की ढलाई करते समय छत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में निर्माण कार्य में लगे दस मजदूर घायल हो गए। इसकी सूचना जैसे ही प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को लगी वे मौके पर पहुंचे। घायल मजदूरों को केवलारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि तीन मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिवनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में 37 करोड़ की लागत से केवलारी में सांदीपनि विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरु हुआ था। भवन विकास निगम, भोपाल द्वारा ठेकेदार के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में भवन का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं शेष निर्माण कार्य चल रहा है। लगभग 15 फीट ऊपर भवन के बाहरी तरफ पोर्च का निर्माण करने के लिए सेंटिंग की गई थी। शुक्रवार को पोर्च की ढलाई का काम शुरु किया गया था। दस से अधिक मजदूर कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान सेंटिंग कमजोर होने से मजदूर समेत छत नीचे गिर गई।

स्कूल भवन निर्माण कार्यों पर उठते रहे हैं सवाल
जिले में छपारा, सुकतरा, धनोरा, डूंडासिवनी, केवलारी सहित अन्य जगह पर सांदीपनि विद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। सभी के कार्य अभी अपूर्ण हैं। अधिकतर भवन के निर्माण कार्यों को लेकर शुरु से ही सवाल उठते आ रहे हैं। सांदीपनि विद्यालय, केवलारी के भवन निर्माण में शुक्रवार को हुए हादसे के बाद ठेकेदार की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। लोग भ्रष्टाचार का भी आरोप लगा रहे हैं।

ये हुए हैं घायल
स्कूल भवन की छत गिरने से थाना बंडोल के झिलमिली निवासी आशाराम पिता मनीराम अहिरवार(38), शहडोल निवासी राकेश सिंह पिता गया सिंह(40), सिधी निवासी प्राणनाथ सिंह पिता चन्द्रवली सिंह(27), वार्ड नंबर-12 केवलारी निवासी प्रमोद यादव पिता चैतराम यादव(35), जुन्नारदेव निवासी बलीराम पिता उनेसा परतेती(53), झिलमिली निवासी बेनीसिंह पिता दशरू उइके(36), सुकतरा निवासी राजाराम पिता मोहन(40), बोरिया निवासी लोकेश पिता राधेश्याम उइके(25), अहरवाड़ा निवासी धनसिंह पिता इमरत झारिया(40), केवलारी निवासी कोमल पिता रखी कुशवाह(35) घायल हुए हैं।

इनका कहना है…
स्कूल भवन के बाहरी तरफ लगभग 15 फीट ऊपर पोर्च का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान सेंटिंग कमजोर होने से स्लैप नीचे गिर गई। इसमें दस मजदूर घायल हुए हैं। तीन मजदूरों को सिवनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मजदूरों को हल्की चोट आई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
महेश अग्रवाल, एसडीएम, केवलारी

Published on:
20 Sept 2025 01:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर