सिवनी

Big news: जांच प्रक्रिया से असंतुष्ट नपा अध्यक्ष ने 15 दिन का मांगा समय

19 तक देना था नोटिस का जवाब

2 min read
Oct 27, 2024

सिवनी. आर्थिक अनियमितता की जांच में फंसे नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान ने कानूनी सलाह लेने के बाद नगरीय विकास एवं आवास विभाग मध्यप्रदेश शासन से नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का और समय मांगा है। बताया जाता है कि उन्हें समय मिल भी गया है। उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर को नगरीय विकास एवं आवास विभाग मध्यप्रदेश शासन के उपसचिव आरके कार्तिकेय ने उन्हें नोटिस जारी कर 15 दिन में अपना पक्ष रखने का समय दिया था। हाालंकि नपा अध्यक्ष ने नोटिस 4 अक्टूबर को लिया। ऐसे में उन्हें 19 अक्टूबर तक जवाब देना था, लेकिन शनिवार व रविवार छुट्टी पड़ गई। इसके बाद उन्होंने मंत्रालय ने 15 दिन और जवाब देने के लिए समय मांग लिया। उन्होंने मंत्रालय को भेजे गए पत्र में जांच प्रक्रिया को लेकर आपत्ति भी जताई है। कहा कि मुझे दस्तावेज नहीं दिए गए हैं। ऐसे में उन्हें 15 दिन का समय और संपूर्ण दस्तावेज दिए जाएं।

हो सकती है बड़ी कार्रवाई
उप सचिव ने नोटिस में यह स्पष्ट किया था कि अगर नपा अध्यक्ष ने समय पर जवाब नहीं दिया या फिर नोटिस नहीं लिया तो उन्हें दोषी माना जाएगा और उनसे वसूली की जाएगी। शासन ने नोटिस में कहा था कि रिपोर्ट के आधार पर गंभीर अनियमितताओं के लिए प्रथम दृष्टया अध्यक्ष उत्तरदायी प्रतीत हो रहे हैं। जांच में हाईमास्ट खरीदी, फेनोलिक खरीदी, फिनाइल खरीदी, नपा के वाहनों में डीजल-पेट्रोल डलवाने को लेकर अनियमितता, अस्थाई दखल वसूली ठेका सहित अन्य मामलों में अनियमितता पाई गई है।

इन मामलों में हुई है जांच
अध्यक्ष पर नगर पालिका में कई मामले में अनियमितता की शिकायत मुख्यालय को की गई थी। जिसके बाद जांच हुई। रिपोर्ट के आधार पर नोटिस जारी किया गया। 9 माह में नपा ने 19,222 किलो कीटनाशक पाउडर की खरीदी की है। जांच में पाया गया है कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। इसके अलावा हाईमास्ट खरीदी में भी गोलमाल किया गया है। काले व सफेद फिनाइल की खरीदी में भी नियमों का ध्यान नहीं दिया गया। वहीं जिन वाहनों का नगर पालिका इस्तेमाल करती है उनमें डीजल-पेट्रोल की खपत, मरम्मत में भी अनियमितता मिली है। जांच में वाहनों के मीटर बंद मिले। लॉग बुक में मीटर रीडिंग नहीं अंकित था। बंद वाहनों में भी पेट्रोल, डीजल की खपत बताई गई। यह भी सामने आया है कि शासकीय यात्रा के नाम पर कुछ निजी वाहनों में भी ईंधन डलवाया गया है। अध्यक्ष पर अस्थाई दखल फीस वसूली के ठेके में भी मनमानी कर नपा को आर्थिक क्षति पहुंचाना पाया गया है। इसके अलावा अन्य अनियमितता पाई गई है।

नपा अध्यक्ष, सीएमओ सहित 20 लोगों को नोटिस
नगरीय विकास एवं आवास विभाग मध्यप्रदेश शासन ने नगर पालिका सिवनी में आर्थिक अनियमितता मामले को लेकर न केवल नगर पालिका अध्यक्ष बल्कि पूर्व एवं वर्तमान सीएमओ, एई, सब इंजीनियर सहित 20 लोगों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 15 अक्टूबर को दिया गया है। जिसका जवाब 15 दिन में अधिकारियों को भेजना है।

इनका कहना है…
मुझे जो नोटिस दिया गया था वह अधूरा था। पूरे दस्तावेज नहीं थे। इस पर मैंने अपने वकील से भी चर्चा की थी। मैंने नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय लिया है। जांच के संबंध में पूरे दस्तावेज भी मांगे हैं।
शफीक खान, अध्यक्ष, नगर पालिका, सिवनी

Published on:
27 Oct 2024 04:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर