लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में 17 अप्रेल की रात किसान पिता-पुत्र से हुई लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
सिवनी. लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में 17 अप्रेल की रात किसान पिता-पुत्र से हुई लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपी महंगे शौक के लिए लूट की घटना को अंजाम देते थे। आरोपियों पर पूर्व में भी विभिन्न थाना में मामला दर्ज है। पुलिस ने लूट के मामले में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1 लाख 40 हजार रुपए में से 1 लाख 22 हजार रुपए, एक मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। एसपी सुनील मेहता ने बताया कि 17 अप्रेल की रात प्रार्थी शिवकुमार वर्मा अपने पिता के साथ चौरई मंडी से गेहूं बेचकर 1.40 लाख रुपए लेकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोहका के पास बाइक सवार बदमाशों ने डंडे से हमला कर मारपीट की और नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 अप्रेल को चौरई बायपास से तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार कर ली।
चौरई मंडी से ही पीछा कर रहे थे बदमाश
आरोपियों ने लूट की घटना को अंजाम देने के लिए पूर्व से ही योजना बनाई थी। पीडि़त का पीछा चौरई मंडी से ही किया। संदीप की रेकी की थी और इस घटना को अंजाम दिया था। आरोपी दोबारा लूट की घटना को अंजाम देने वाले थे कि सिवनी पुलिस ने मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की।
आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप पिता रामकृष्ण बघेल (30) निवासी जैतपुरकला, अभय उर्फ गब्बर पिता मंगलू चक्रवर्ती (19) निवासी खमरिया और रोहित उर्फ विक्की पिता सूरज चक्रवर्ती (23) शामिल हैं। जिनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसडीओपी सचिन परते, उपनिरीक्षक कोमल टोप्पो, योगेन्द्र सिंह ठाकुर, हरिओम भारद्वाज, आत्माराम सिमोनिया, ललित मरकाम, शिवदीप ठाकुर, मनोज सूर्यवंशी, ललित पाल, गगन डेहरिया, सोनू ककोडिय़ा, मिथिलेश पराडकर, हामिद खान, वीरेन्द्र डोहले, अभिषेक डेहरिया, राजेश धुर्वे, कृष्ण कुमार कौशल एवं थाना चौरई का स्टाफ संजय ठाकुर एवं कन्हैया सनोडिया एवं सायबर सेल सिवनी की टीम शामिल रही।
एसपी ने की किसानों से अपील
एसपी सुनील मेेहता ने किसानों से अपील की है किवे मंडी में अनाज बेच कर रुपए खाते में डलवा लें या फिर गु्रप में पैसे लेकर निकलें। रात के समय पैसे नकद लाने से बचने की बात किसानों को कही गई है।