सिवनी

श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन भगवान के बाल लीलाओं का वर्णन

भागवताचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। श्रोताओं से कहा कि लीला और क्रिया में अंतर होती है।

2 min read
Mar 07, 2026

खैरीकला में भागवत कथा

घंसौर. तहसील मुख्यालय के पास ग्राम पंचायत खैरी कला में ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम पंचायत भवन के पीछे श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 23 फरवरी से प्रतिदिन दोपहर एक से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। कथा के छठवें दिन शनिवार को भागवताचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। श्रोताओं से कहा कि लीला और क्रिया में अंतर होती है। अभिमान तथा सुखी रहने की इच्छा प्रक्रिया कहलाती है। इसे ना तो कर्तव्य का अभिमान है और ना ही सुखी रहने की इच्छा, बल्कि दूसरों को सुखी रखने की इच्छा को लीला कहते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने यही लीला की, जिससे समस्त गोकुलवासी सुखी और संपन्न थे। उन्होंने कहा कि माखन चोरी करने का आशय मन की चोरी से है। कन्हैया ने भक्तों के मन की चोरी की। उन्होंने तमाम बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए उपस्थित श्रोताओं को वात्सल्य प्रेम में सराबोर कर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण के जन्म लेने पर कंस उनकी मृत्यु के लिए राज्य की सबसे बलवान राक्षसी पूतना को भेजता है। राक्षसी पूतना भेष बदलकर भगवान कृष्ण को अपने स्तन से जहरीला दूध पिलाने का प्रयास करती है, परंतु भगवान उसका वध कर देते हैं। इसी प्रकार कार्तिक माह में ब्रजवासी भगवान इंद्र को प्रसन्न करने के लिए पूजन कार्यक्रम की तैयारी करते हैं, लेकिन भगवान कृष्ण उनको इंद्र की पूजा करने से मना कर देते हैं और गोवर्धन की पूजा करने के लिए कहते हैं। यह बात सुनकर भगवान इंद्र नाराज हो जाते हैं और गोकुल को बहाने के लिए भारी वर्षा करते हैं। इसे देखकर समस्त ब्रजवासी परेशान हो जाते हैं। भारी वर्षा को देखकर भगवान कृष्ण कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर सभी लोगों को उसके नीचे छिपा लेते हैं। भगवान द्वारा गोवर्धन पर्वत को उठाकर लोगों को बचाने से इंद्र का घमंड चकनाचूर हो गया। मथुरा को कंस के आतंक से बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने कंस का वध किया। कथा का समापन 1 मार्च को किया जाएगा। आयोजन समिति ने कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की हुई है। उन्होंने सभी से धर्मलाभ लेने की अपील की।

Published on:
07 Mar 2026 12:43 pm
Also Read
View All

अगली खबर