सिवनी

जिंदगी और मौत से संघर्ष करते 11 दिन बाद पति की भी मौत

सूचना जैसे ही उनके गांव लगी पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। दो मासूम के सिर पर पहले मां का और अब पिता का साया छिन जाने से हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने प्रशासन से घटना की जांच करने एवं दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।

2 min read
May 18, 2026

1 मई को खेत में लगी आग से झुलसे थे शिक्षक दंपति

सिवनी. शादी समारोह में बीते एक मई को परिवार के साथ जा रहे यतेन्द्र नागले नरवाई की आग में पत्नी को बचाने के दौरान बुरी तरह झुलस गए थे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर नागपुर रेफर किया गया था। जहां 11 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ते हुए सोमवार रात यतेन्द्र(42) ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना जैसे ही उनके गांव लगी पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। दो मासूम के सिर पर पहले मां का और अब पिता का साया छिन जाने से हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने प्रशासन से घटना की जांच करने एवं दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है। वहीं पीडि़त परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की जा रही है। बता दें कि छपारा के ग्राम बर्रा निवासी जयश्री नागले(38) छपारा स्थित सांदीपनि विद्यालय में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्य कर रही थी। वहीं पति यतेन्द्र नागले भी विद्यालय में अतिथि शिक्षक थे। दंपति 1 मई की शाम देवरी माल क्षेत्र में अपने दोनों बच्चों के साथ दोपहिया वाहन से शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में खेत में किसी ने नरवाई में आग लगा दी थी। इसी दौरान तेज हवाएं चलने लगी। नरवाई की आग सडक़ किनारे तक पहुंच गई। तेज आंधी से दंपति की दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई। आग की चपेट में पत्नी जयश्री नागले आ गई। पति यतेन्द्र नागले ने पत्नी को बचाने की कोशिश की, जिससे वह भी बुरी तरह झुलस गए। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह से दोनों बच्चों को बचा लिया। हादसे में दंपति झुलस गए थे। उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया गया। नागपुर में इलाज के दौरान 2 मई को जयश्री नागले की मौत हो गई थी। वहीं यतेन्द्र नागले ने सोमवार शाम दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव एवं शिक्षकों में शोक का माहौल है।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
घंसौर रेलवे स्टेशन में मंगलवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बालाघाट के लामटा निवासी युवक ट्रेन से घंसौर आ रहा था। इसी दौरान चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Published on:
18 May 2026 02:10 pm
Also Read
View All