शनिवार की रात ग्राम बरौदा तिराहे पर बीच सडक़ पर कार खड़ी कर शराब पी रहे युवकों और शादी समारोह से लौट रहे बैंड बाजा दल के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था।
सिवनी. घंसौर थाना पुलिस ने शनिवार रात मामूली बात को लेकर हुए युवक की हत्या मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो आरोपी अब भी फरार हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। शनिवार की रात ग्राम बरौदा तिराहे पर बीच सडक़ पर कार खड़ी कर शराब पी रहे युवकों और शादी समारोह से लौट रहे बैंड बाजा दल के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था। आरोपियों ने गोधन यादव पर चाकू व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हल्के वंशकार और संजू वंशकार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। रविवार को परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सडक़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि जबलपुर निवासी नीलेश पटेल और निशांत राजपूत उर्फ चिंटू अपने साथी राहुल नेमा से मिलने आया था। सभी आरोपी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवक से विवाद होने पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बरौदा निवासी राहुल नेमा, पिपराटोल निवासी नर्मदा यादव, बरौदा निवासी साहिल शर्मा, विनोद नेमा और मनोज नेमा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी निशांत राजपूत उर्फ चिंटू और नीलेश पटेल अभी फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त डंडे, चाकू और कपड़े बरामद किए हैं। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सट्टा लिखते एक पकड़ाया
पलारी चौकी क्षेत्र खैरापलारी से पुलिस ने एक सटटोरियों को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सट्टा पट्टी लिख रहा है। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए हुए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देख आरोपी भागने लगा। घेरा बंदी कर पकड़ा गया। आरोपी शशिकांत पिता सनत राय (47) के पास से सट्टा पट्टी एवं 630 रुपए मिले हैं। पुलिस ने सट्टा एक्ट की कार्रवाई की है।