सिवनी

पिकअप अनियंत्रित होकर पलटा, एक दर्जन से अधिक लोग घायल

चार की हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर
less than 1 minute read
Dec 04, 2025
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

सिवनी. धनौरा थाना क्षेत्र के साजपानी भसूड़ा पिपरिया मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे वाहन में सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम अंधियारी थाना छपारा निवासी जगराम यादव पिता तिलोकी यादव (40) ने बताया कि वे अपने पिता के अस्थि विसर्जन के लिए पिकअप वाहन से परिवार के सदस्यों के साथ मंडला नर्मदा नदी गए थे। विसर्जन करने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। उसी दौरान साजपानी और भसूड़ा पिपरिया के बीच बड़े घाट पर पिकअप चालक कन्हैया यादव निवासी बाम्हनवाड़ा ने वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए नियंत्रण खो दिया। जिसके कारण वाहन पलट गया। हादसे में पीछे बैठे दीपक यादव, पूनाराम यादव, झीनी बाई यादव, सुदामा भरदिया, जग्गू यादव सहित अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद सुदामा भारती ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल धनौरा ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर दीपक यादव, पूनाराम यादव, झीनी बाई और सुदामा भरदिया को सिवनी व जबलपुर रेफर कर दिया है। इसके बाद करन सिंह और हरपाल यादव थाना धनौरा पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
04 Dec 2025 12:25 pm
Published on:
04 Dec 2025 12:25 pm