सिवनी

Sports: ग्रीष्मकालीन शिविर 1 मई से, प्रशिक्षण के लिए करना होगा पंजीयन

जिला मुख्यालय स्तर पर प्रतिभागियों के लिए 7 मई तक पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इस वर्ष पंजीयन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाते हुए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से व्यवस्था की गई है।

2 min read
Apr 30, 2026

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक में लिया गया निर्णय

सिवनी. संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर सुनीता खंडायत की अध्यक्षता एवं एएसपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लिए गए निर्णयानुसार ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 1 से 31 मई तक सुबह 6 से 8.30 बजे तक एवं शाम को 5 से 7 बजे तक किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्तर पर प्रतिभागियों के लिए 7 मई तक पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इस वर्ष पंजीयन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाते हुए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से व्यवस्था की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी का ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य रहेगा। जिला मुख्यालय सिवनी में विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें फुटबॉल स्टेडियम में सुबह फुटबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बड़ी पुलिस लाइन मैदान में वॉलीबॉल, कराते, ऑफिसर्स क्लब में बास्केटबॉल, श्री महावीर व्यायामशाला में बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, कूडो, मॉर्डन स्कूल में वुशु, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में शतरंज, मेजर ध्यानचंद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में हॉकी, म.ल.बा. मैदान में कबड्डी एवं शासकीय तिलक विद्यालय में योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योग प्रशिक्षण हेतु कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जबकि अन्य सभी खेलों में भाग लेने हेतु आयु सीमा 5 वर्ष से 18 वर्ष निर्धारित की गई है। पंजीयन हेतु फॉर्म कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, संबंधित खेल प्रशिक्षकों एवं विकासखंड स्तर पर ग्रामीण युवा समन्वयकों से प्राप्त किए जा सकते हैं।

विकासखंड स्तर पर भी होगा आयोजन
विकासखंड स्तर पर भी व्यापक रूप से शिविर आयोजित किये जाएंगे। जिनमें कुरई में कबड्डी, नेटबॉल, केवलारी में खो-खो, कबड्डी, धनौरा में कराते, वॉलीबॉल, घंसौर में वॉलीबॉल, कबड्डी, लखनादौन में फुटबॉल, कराते, बरघाट में टेबल टेनिस, पिट्टू, कराते एवं छपारा में फुटबॉल, कराते शामिल हैं।

22 दिन से अधिक प्रशिक्षण लेने पर मिलेंगे प्रमाण पत्र
प्रशिक्षण में जिन प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति 22 दिवस से अधिक होगी, उन्हीं को टी-शर्ट (प्रस्तावित) एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किये जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों में नियमितता एवं अनुशासन को प्रोत्साहन मिल सके। इस वर्ष शिविर को और अधिक प्रभावी एवं बहुआयामी बनाने हेतु 7 प्रमुख घटकों को शामिल किया गया है, जिनमें फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, संस्कृति एवं मनोरंजन, खेल गतिविधियां, फैमिली एंगेजमेंट, समिति एंगेजमेंट एवं सामाजिक जागरूकता प्रमुख हैं। इन घटकों के अंतर्गत कुल 21 गतिविधियां प्रत्येक खेल मैदान में आयोजित किये जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे खिलाडिय़ों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Published on:
30 Apr 2026 11:24 am
Also Read
View All