सिवनी

गांव की बेटी ने जीते कई मेडल, अब आंखों में ओलंपिक का सपना

- गांव की मिट्टी से उभरी एथलेटिक्स की श्रेष्ठ खिलाड़ी

2 min read
Mar 18, 2025
मुख्यमंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री से सम्मानित हुई अंजली।

सिवनी. जिला मुख्यालय से 16 किमी दूर एनएच-44 पर स्थित बंडोल गांव की रहने वाली 19 वर्षीय अंजलि वर्मा ने आर्थिक तंगी और पारिवारिक समस्याओं के बावजूद दुकानों में काम तक किया और अपने हौसले व कड़ी मेहनत से कराटे और एथलेटिक्स में अपनी अलग पहचान बनाई है। कई गोल्ड मैडल जीतने के बाद गांव की बेटी की आंखों में अब देश के लिए ओलंपिक में खेलकर गोल्ड मेडल जीतने का सपना है।


सीमित संसाधनों और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद अंजलि ने अपने सपनों को साकार करने की ठानी और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी काबिलियत साबित की। अब अंजली के सफर को ओलंपिक तक ले जाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल अंजली के लिए पंख बने हुए हैं। उसके सपनों को ऊंचाई तक पहुंचने के लिए मददगार बने हुए हैं।


अंजलि का बचपन संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता दैनिक मजदूरी करते थे, लेकिन नशे की लत के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझता रहा। तब भी अंजलि ने हार नहीं मानी। स्कूल में खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद उन्हें अपनी प्रतिभा का अहसास हुआ। धीरे-धीरे उन्होंने खेलों में अपनी रुचि विकसित की और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई। अंजलि के जीवन में खेल एक नया मोड़ लेकर आया। कराटे और एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके आत्मविश्वास और साहस ने उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ध्यान और मानसिक संतुलन को अपनाकर अपने खेल को और मजबूत बनाया ओर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की।


अब अंजलि का अगला लक्ष्य ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर वह अपने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी तैयारी कर रही हैं। उनका सपना न केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित है, बल्कि वह अन्य लड़कियों को भी आत्मरक्षा, खेल और आत्मनिर्भर बनने प्रेरित करती हैं। गांव की इस बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान मध्यप्रदेश शासन के ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल उसकी हर जरूरी मदद कर रहे हैं।


अंजली की मां बबली वर्मा का कहना है कि पहले पड़ोसी ताने मारते थे, कि बेटी को दूर मत भेजो लेकिन उन्होंने उनकी एक नहीं सुनी। बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए जो हो पाया किया। आज बेटी की सफलता से मां भी बेहद खुश नजर आ रही हैं। बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं रही है, लेकिन जब अंजली के हौसले और मिल रही सफलता के बारे में मंत्री पटेल को पता चला तो उन्होंने उनको परिवार के साथ बुलवाया और हर संभव मदद करने का भरोसा देकर आगे बढ़ाने में सहयोगी बन रहे हैं।
अब तक की ये रही उपलब्धि
खेल प्रतियोगिता 2019-20 में स्वर्ण पदक विजेता। फिट इंडिया 5 यूथ गेम्स नेशनल चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक। 65वीं राज्य स्तरीय विद्यालय प्रतियोगिता 2019 में स्वर्ण पदक जीता। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2023 युवा अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया। 2024 में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य के लिए निकत सामाजिक संस्था से एक्सीलेंस अवार्ड और 2025 में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के हाथों खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है।

Also Read
View All

अगली खबर