सिवनी

तोड़े जाएंगे शासकीय विभागों के जर्जर एवं अनुपयोगी भवन

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।

2 min read
Apr 28, 2026

अपर कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश

सिवनी. सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा संचालित योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। साथ ही जिन शिकायतों में नियमानुसार कार्रवाई संभव नहीं है, उनके संबंध में विधिवत परीक्षण कर फोर्स क्लोज के प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को समय पर भेजने के निर्देश भी दिए। अपर कलेक्टर ने जन शिकायतों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों में लंबित कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जन अपेक्षाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए। समय-सीमा में दर्ज प्रकरणों के निराकरण में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने तय अवधि में कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। बैठक में जनगणना 2027 के अंतर्गत जारी स्व-गणना अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्वयं स्व-गणना कर उदाहरण प्रस्तुत करने एवं अपने अधीनस्थ अमले की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को भी स्व-गणना के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

जर्जर भवनों की जानकारी होगी देनी
बैठक में विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों की अद्यतन जानकारी संधारित कर शीघ्र प्रस्तुत करने एवं ऐसे भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।

केन्द्रों पर व्यवस्था बनाने के निर्देश
बैठक में गेहूं उपार्जन कार्य की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो एवं किसानों को सुगम एवं सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज विक्रय करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि वे उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण करें एवं व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता न हो।

नरवाई जलाने पर होगी सख्त कार्यवाही
नरवाई जलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाना पर्यावरण के लिए हानिकारक होने के साथ ही दंडनीय अपराध भी है, अत: इस पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

Published on:
28 Apr 2026 11:02 am
Also Read
View All