सिवनी

जादू-टोने के शक में चौकीदारी कर रहे दो भाईयों पर जानलेवा हमला, एक की मौत

suspicion of witchcraft: मध्य प्रदेश में जादू-टोने के शक में दो बुजुर्ग भाईयों पर हमला हुआ। इस घातक हमले में एक भाई की मौत हो गई और दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

2 min read
Mar 30, 2025

suspicion of witchcraft: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के अंतर्गत बरघाट थाना क्षेत्र के नंदोरा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। जादू-टोने के शक में चार अज्ञात हमलावरों ने पुलिया निर्माण कार्य की चौकीदारी कर रहे दो बुजुर्ग भाईयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में एक भाई ईश्वरी बाहेश्वर (62) की गला काटकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा भाई बन्नेलाल बाहेश्वर (70) गंभीर रूप से घायल हो गया।

नींद में किया हमला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों भाई पुलिया पर चौकीदारी कर रहे थे। इसी दौरान जब वे गहरी नींद में थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार किए गए। मौके पर ही ईश्वरी बाहेश्वर की मौत हो गई, जबकि बन्नेलाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों को शक था कि दोनों बुजुर्ग गांव में जादू-टोना करते हैं। इसी अंधविश्वास के चलते हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गंभीर रूप से घायल बन्नेलाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों में दहशत का माहौल

हत्या के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Published on:
30 Mar 2025 01:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर