- दूसरा तैरकर आया बाहर, स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा उपचार - एसडीईआरएफ, थाना प्रभारी मयफोर्स, तहसीलदार टीम के साथ तलाश में जुटे रहे
सिवनी/केवलारी. स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम अहरवाड़ा जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया को पार करते समय बुधवार की देर शाम मोटरसाइकिल सवार दो लोग बह गए। इसमें एक 24 घंटे बाद भी नहीं मिल पाया है, जिसकी तलाश जारी है। दूसरा रात को ही तैरकर बाहर निकल आया। एसडीईआरएफ की टीम, थाना प्रभारी मयफोर्स, तहसीलदार अमले के साथ गुरुवार को बहे युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी सीएस उइके ने की है। बताया कि अब शुक्रवार को पुन: उसकी तलाश की जाएगी।
जानकारी के अनुसार ग्राम अहरवाड़ा निवासी प्रेम उर्फ केशूराम (45) व सतीश अहिरवार (34) मजदूर (राजमिस्त्री) है। दोनों प्रतिदिन काम करने केवलारी आते है। वे बुधवार को काम करने के बाद देर शाम आठ बजे घर लौट रहे थे। गांव जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया बारिश के पानी से उफान पर थी। इसके बावजूद दोनों पुलिया पार करने लगे। इसबीच तेज बहाव में वे मोटरसाइकिल सहित बह गए। सतीश जैसे-तैसे तैरकर बाहर निकल आया, जबकि प्रेम उर्फ केशूराम तेज बहाव में बह गया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रेम की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। दूसरे दिन गुरुवार को भी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। अब शुक्रवार को पुन: तलाश किए जाने की बात थाना प्रभारी ने बताई है।
पुलिया पार करने से रोका तो आरक्षक पर हमला-
बताया जा रहा है कि अहरवाड़ा नाले पर दो लोगों के बहने की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसी समय एक युवक पानी से भरे पुलिया को पार करने जा रहा था। ड्यूटी पर तैनान आरक्षक शंकर गोपचे ने उसे मना किया तो वह नाराज हो गया। उसने पास पड़े पत्थर से आरक्षक पर हमला कर दिया। इससे आरक्षक का सिर फट गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र केवलारी पहुंचाया गया। इसकी जानकारी होते ही एसडीओपी केवलारी टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर आरक्षक का हालचाल लिए और बेहतर उपचार कराए जाने का आश्वासन दिया। केवलारी पुलिस ने पत्थर मारने वाले आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ग्राम बंदेली का रहने वाला है। वह नशे में इतना धुत्त था कि पुलिस को अपना नाम भी नहीं बता पा रहा था।