सिवनी

Weather: बर्फ की खपत बढ़ी, शीतल पेय पदार्थ गर्मी का सहारा

चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। लोगों ने लू और धूप से बचने के लिए शीतल पेय पदार्थ का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

2 min read
Apr 30, 2026
सांकेतिक फोटो

आसमान से बरस रही आग, गर्मी से हर कोई परेशान

सिवनी. इस समय दिनभर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। लोगों ने लू और धूप से बचने के लिए शीतल पेय पदार्थ का सहारा लेना शुरू कर दिया है। गन्ने के रस, ठंडे नींबू पानी व अन्य पेय पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ गई है। जगह-जगह ठेलों पर शिकंजी, आम का जूस, गन्ने का जूस सहित अन्य ठंडे पेय पदार्थों से आम लोगों को दोपहर में गर्मी से राहत भी मिल रही है। इसके साथ ही पानी वाले फल जैसे तरबजू की मांग भी बढ़ गई है। इसके साथ ही आइसक्रीम और बर्फ से बनी चीजों की मांग में इजाफा देखा जा रहा है। तापमान 41 के पार पहुंच रहा है और राहगीरों के लिए ठंडे पेय पदार्थ सहारा बन रहे हैं। बारापत्थर में गन्ने का जूस बेच रहे दिनेश ने बताया कि ठंडे गन्ने के जूस को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही नींबू पानी, जलजीरा भी खूब बिक रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि गर्मी से पहले करीब 5 क्विंटल बर्फ की खपत होती है और इस समय मांग बढकऱ 30 क्विंटल तक पहुंच गई है। शादी-ब्याह की वजह से भी बर्फ की मांग में बढ़ोतरी हुई है। राहगीर सोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक चलाते-चलाते गला सूखने लगता है, ऐसे में एक गिलास नींबू पानी से नई ताजगी आ जाती है। आइसक्रीम लेने पहुंची राखी साहनी ने बताया कि दोपहर में आइसक्रीम काफी अच्छा लगता है। आइसक्रीम विक्रेता रामदीन ने बताया कि इस समय आइसक्रीम बच्चों की पहली पसंद है।

अधिक ठंडा पीने से बचें
मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एमडी मेडिसिन डॉ. उमेश प्रजापति ने बताया कि गर्मी के दौरान बहुत ज्यादा ठंडा पानी या बर्फ का गोला खाने से समस्या भी हो सकती है। शरीर गर्म रहे तो बर्फ का परहेज करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे सर्दी जुकाम व एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है।

दोपहर में सडक़ों पर सन्नाटा
शहर के अतिव्यस्तम बाजारों और सडक़ों पर भी आजकल दोपहर के समय में सन्नाटा छाया रहता है। लोगों ने अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलना बेहद कम कर दिया है। लोग केवल बहुत जरूरी काम से ही बाजारों में पहुंच रहे हैं।

धूप में सिर को ढक कर रखने की सलाह
जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. पी सूर्या ने आम नागरिकों को अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इन दिनों धूप अधिक पड़ रही है। बाजारों में तेल से तली सामग्री खाने से बचें, जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में घर से बाहर निकलें तो ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। इसके साथ ही सिर को ढककर निकलें और धूप से बचने की कोशिश करें।

Published on:
30 Apr 2026 11:37 am
Also Read
View All